गुरुग्राम में गांजा बेचने के लिए दो युवक नेपाल से नशे की खेप लेकर पहुंचे थे। लेकिन इससे पहले कि आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब होते, पुलिस ने उन्हें पटौदी-गुरुग्राम रोड पर ही पकड़ लिया। तलाशी ली गई तो उनके पास से गांजा बरामद हुआ।

गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा फर्रुखनगर की टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 1 किलो 193 ग्राम गांजा बरामद किया है।
कहाँ से खरीदा था गांजा
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को सलीग की ढाणी मोड़ के पास पटौदी-गुरुग्राम रोड से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान संतोष कुमार निवासी गांव प्रतापगढ़ और गंगाराम मंडल निवासी गांव लालपुर, जिला सुपौल, बिहार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा नेपाल से 8 हजार रुपये में खरीदकर लाए थे। उनकी योजना इस गांजे को गुरुग्राम में बेचने की थी। हालांकि, पुलिस ने बिक्री से पहले ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पर पहले से दर्ज है NDPS का मामला
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि गंगाराम मंडल के खिलाफ गुरुग्राम में पहले से ही NDPS एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। इस मामले में थाना सेक्टर-10, गुरुग्राम में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।
अब पुलिस के सामने ये सवाल
नेपाल से गांजा खरीदकर गुरुग्राम तक लाने के पीछे आरोपियों का नेटवर्क कितना बड़ा है? क्या इस नशे को गुरुग्राम में किसी खास जगह पर सप्लाई किया जाना था? पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
