रात में कार का पीछा करने वाला कौन था? पुलिस ने पकड़ा तो निकला 19 वारदातों का आरोपी!

सड़क पर एक कार को ओवरटेक करना इतना भारी पड़ गया कि ईको चालक ने रात के समय करीब एक किलोमीटर तक उसका पीछा किया। कार सवार जान बचाने के लिए सोसाइटी के अंदर पहुंचा, लेकिन ईको चालक वहां भी नहीं रुका। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुई तो गुरुग्राम पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर पूछताछ की तो एक-दो नहीं, बल्कि चोरी की 19 वारदातों का खुलासा हुआ।

गुरुग्राम में कार का पीछा करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने पीछा करने वाले ईको चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मोनू निवासी जखोपुर, सोहना, गुरुग्राम के रूप में हुई है। खास बात यह है कि जिस ईको गाड़ी से आरोपी ने कार का पीछा किया था, वह भी चोरी की निकली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो चोरी की ईको गाड़ियां बरामद की हैं।

पीड़ित ने शिकायत नहीं दी, फिर भी पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रही थी। इसमें रात के समय एक ईको गाड़ी चालक एक कार का पीछा करता दिखाई दे रहा था। कार चालक जब अपनी सोसाइटी के अंदर पहुंचा तो ईको चालक ने वहां भी उसका पीछा जारी रखा।सोसाइटी के गार्ड्स ने ईको चालक को रोका, जिसके बाद उसने कार का पीछा करना बंद किया।

वीडियो सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने कार चालक से संपर्क किया, लेकिन उसने शिकायत देने से मना कर दिया। इसके बावजूद पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया और अपराध शाखा मानेसर तथा सेक्टर-65 की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 14 नवंबर को ट्यूलिप चौक, सेक्टर-72 के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गाड़ी के आगे कट मारा तो करने लगा पीछा
पुलिस पूछताछ में आरोपी मोनू ने बताया कि 12 नवंबर को वह ट्यूलिप चौक की तरफ से आ रहा था। इसी दौरान वायरल वीडियो में दिखाई दे रही कार के चालक ने उसकी गाड़ी के आगे कट मार दिया। इसी बात से नाराज होकर उसने कार चालक को रोकने के लिए उसका पीछा किया था। आरोपी ने बताया कि वह कार चालक को पहले से नहीं जानता था और न ही कभी उससे बातचीत हुई थी।

जिस ईको से पीछा किया, वह भी निकली चोरी की
पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। आरोपी जिस ईको गाड़ी से कार का पीछा कर रहा था, वह उसने 12 अक्टूबर को गुरुग्राम के शांति नगर स्थित बेरीवाला बाग से चोरी की थी। इस मामले में थाना शिवाजी नगर में पहले से केस दर्ज है। इसके अलावा पुलिस को आरोपी के खिलाफ सेक्टर-10 थाने में टायर चोरी का एक मामला भी मिला। इस मामले में 8 मई 2026 को एमआरजी बालकनी सोसाइटी, सेक्टर-93 के बाहर खड़ी एक गाड़ी के चारों टायर रिम समेत चोरी कर लिए गए थे। आरोपी इस मामले में भी वांछित था।

पूछताछ में 19 चोरी की वारदातों का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में गुरुग्राम में चोरी की 19 वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में पहले से चोरी के 8 मामले दर्ज मिले हैं।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो ईको गाड़ियां बरामद की हैं। इनमें वह गाड़ी भी शामिल है, जिसका इस्तेमाल वायरल वीडियो में कार का पीछा करने के लिए किया गया था।

पुलिस रिमांड पर आरोपी, और खुलासे की उम्मीद
गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी मोनू को 15 नवंबर को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब उससे आगे पूछताछ कर रही है और चोरी की अन्य वारदातों तथा बरामदगी के संबंध में जांच जारी है। एक वायरल वीडियो से शुरू हुई जांच ने आरोपी की चोरी की वारदातों का पूरा मामला सामने ला दिया। अब पुलिस की जांच में यह पता लगाने की कोशिश है कि चोरी की गई गाड़ियों का इस्तेमाल किन-किन वारदातों में किया गया था।

More From Author

पहले केमिस्ट, फिर युवा… आज गुरुग्राम में आरती सिंह राव का क्या है खास एजेंडा?

नंबर प्लेट से छेड़छाड़ पड़ी भारी! गुरुग्राम में 6 दोपहिया वाहन इम्पाउंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *