घर के नाम पर चल रहा था कारोबार! DLF फेज-2 में तीसरे दिन भी बड़ी कार्रवाई

घर के बाहर सब कुछ सामान्य दिख रहा था, लेकिन अंदर बेसमेंट से लेकर ऊपरी मंजिलों तक चल रहा था कारोबार! कहीं क्लीनिक, कहीं ऑफिस तो कहीं गेस्ट हाउस। आखिर इन इमारतों में ऐसा क्या चल रहा था कि टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग को फिर कार्रवाई करनी पड़ी? शनिवार को डीएलएफ फेज-2 में सीलिंग अभियान के तीसरे दिन भी विभाग की टीम ने 11 इमारतों पर ताला लगा दिया।

गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-2 में रिहायशी मकानों में नियमों के खिलाफ चल रही व्यावसायिक गतिविधियों पर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। शनिवार को जिला नगर योजनाकार एनफोर्समेंट (DTPE) की टीम ने अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए 11 इमारतों को सील कर दिया।

कहीं सुपर मार्केट तो कहीं क्लीनिक और ट्रैवल एजेंसी
विभाग की कार्रवाई में बोगनविलिया मार्ग (BVM)-2 की पूरी इमारत को सील कर दिया गया। यहां सुपर मार्केट, स्किन केयर क्लीनिक और ट्रैवल एजेंसी का ऑफिस चल रहा था। इसके अलावा BVM-5 की पहली मंजिल पर चल रहे ऑफिस और BVM-11 में विकास बिल्डर्स के ऑफिस वाली पूरी इमारत को सील किया गया।

BVM-19 में बेसमेंट में चल रहे व्यावसायिक स्टोरेज और भूतल पर बत्रा प्रॉपर्टीज समेत अन्य प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर भी कार्रवाई की गई।

आकाशनीम मार्ग पर भी कई इमारतें सील
विभाग की टीम ने आकाशनीम मार्ग (ANM)-78 की पूरी इमारत को सील कर दिया। यहां आर्किटेक्ट सुमित धवन का इंटीरियर डिजाइनिंग ऑफिस चल रहा था। वहीं ANM-106 और ANM-107 में प्लॉट को आपस में जोड़कर व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जा रही थीं। इस पर कार्रवाई करते हुए पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल को सील कर दिया गया।

ANM-92 के बेसमेंट में चल रहे क्लीनिक और प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी ऑफिस को भी सील किया गया। ANM-92A में भूतल और पहली मंजिल पर चल रहे गेस्ट हाउस पर कार्रवाई हुई। इसके अलावा J-1/37 में प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी के लिए इस्तेमाल हो रहे बेसमेंट, दूसरी और तीसरी मंजिल को सील किया गया। J-1/38 के बेसमेंट में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों पर भी विभाग ने कार्रवाई की।

तीन दिन से लगातार चल रही कार्रवाई
डीटीपीई की टीम ने शनिवार को तीसरे दिन भी अभियान जारी रखा। पूरी कार्रवाई के दौरान विभाग की एटीपी दिव्या दहिया मौजूद रहीं। विभाग का यह अभियान रिहायशी मकानों में नियमों के खिलाफ चल रहे व्यावसायिक कामकाज को रोकने के लिए चलाया जा रहा है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में विभाग की टीम किन दूसरी इमारतों पर कार्रवाई करती है।

More From Author

8 हजार में खरीदा गांजा, गुरुग्राम में बेचने की थी तैयारी… लेकिन पुलिस ने बिगाड़ दिया खेल!

पहले केमिस्ट, फिर युवा… आज गुरुग्राम में आरती सिंह राव का क्या है खास एजेंडा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *