सिर पर पूजा की टोकरी, हाथों में फल और प्रसाद और जल में खड़े होकर छठी मईया की आराधना… गुरुग्राम में रविवार को छठ महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। घाटों पर महिलाओं और पुरुषों ने एक साथ पूजा-अर्चना की। चारों तरफ भक्ति का माहौल नजर आया और लोगों ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

गुरुग्राम में रविवार, 15 नवंबर को छठ पूजा का पर्व धूमधाम से मनाया गया। शहर के अलग-अलग छठ घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजा की सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचीं। फल, नारियल, गन्ना और अन्य प्रसाद से सजी टोकरियों के साथ व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा की।
घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए। महिलाओं ने जल में खड़े होकर पूजा-अर्चना की, वहीं परिवार के दूसरे सदस्य भी इस पर्व में शामिल हुए। इस दौरान छठी मईया के गीतों और भक्ति के माहौल ने पूरे वातावरण को खास बना दिया।

24 छठ घाटों पर नगर निगम ने किए इंतजाम
छठ महापर्व को देखते हुए नगर निगम गुरुग्राम ने शहर के 24 पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं की थीं। घाटों और आसपास के इलाकों में सफाई अभियान चलाया गया। इसके अलावा घाटों पर रोशनी, पानी के टैंकर और शौचालय जैसी जरूरी सुविधाओं का भी इंतजाम किया गया। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई थी।
आस्था और परंपरा का दिखा खूबसूरत संगम
छठ पूजा सिर्फ एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि परिवार और समाज को जोड़ने वाली परंपरा भी है। गुरुग्राम में भी इस पर्व के दौरान लोगों में खास उत्साह देखने को मिला। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी ने मिलकर पूजा में भाग लिया। साइबर सिटी की भागदौड़ के बीच छठ महापर्व ने गुरुग्राम को भक्ति और लोक परंपरा के रंग में रंग दिया। घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और पूजा-अर्चना के दृश्य इस पर्व की आस्था और महत्व को बयां कर रहे थे।
