गुरुग्राम में कूड़े के ढेर, उड़ती धूल, खराब स्ट्रीट लाइट और सफाई की समस्याओं से परेशान लोगों के लिए बड़ी खबर है। शहर की इन समस्याओं को दूर करने के लिए नगर निगम ने खजाना खोल दिया है। अब सड़कों की धुलाई के लिए नई मशीनें आएंगी, हवा में धूल कम करने के लिए एंटी-स्मॉग गन लगेंगी और कचरे के निस्तारण के लिए नए प्लांट तैयार होंगे।

61 करोड़ रुपये के 14 प्रस्तावों को मिली मंजूरी
मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में वित्त एवं संविदा समिति (F&CC) की 11वीं बैठक हुई। बैठक में विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े 14 प्रस्तावों पर चर्चा की गई। समिति ने कुल 61 करोड़ 10 लाख 53 हजार रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी। इनमें कचरा प्रबंधन, निर्माण मलबे का निस्तारण, सड़क सफाई, धूल नियंत्रण, एंटी-स्मॉग गन और स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव से जुड़े काम शामिल हैं।
अब सड़कों की धुलाई करेंगी 16 नई मशीनें
गुरुग्राम की सड़कों पर उड़ती धूल को कम करने के लिए नगर निगम 16 ट्रक माउंटेड रोड वॉशर खरीदेगा। ये मशीनें 10 हजार लीटर पानी की क्षमता वाली होंगी।
– क्लस्टर-1 के लिए 8 रोड वॉशर पर 4.39 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
– क्लस्टर-2 के लिए 8 रोड वॉशर पर 4.39 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इसके अलावा शहर में 10 नई एंटी-स्मॉग गन भी खरीदी जाएंगी। इनमें पानी का छिड़काव करने वाला सिस्टम होगा, जिससे हवा में मौजूद धूल को कम करने में मदद मिलेगी। दोनों क्लस्टर के लिए पांच-पांच एंटी-स्मॉग गन खरीदने पर 2.72 करोड़ रुपये प्रति क्लस्टर मंजूर किए गए हैं।
कहाँ बनेगा नया कचरा कलेक्शन सेंटर
शहर में कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए हीरो होंडा चौक के पास NH-48 पर सेकेंडरी कलेक्शन पॉइंट विकसित किया जाएगा। इसके लिए 3 करोड़ 53 लाख 20 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, जोन-5 में बेरी वाला बाग के पास डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाले वाहनों के लिए पार्किंग और चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा। इस परियोजना पर 3 करोड़ 93 लाख 53 हजार रुपये खर्च होंगे। इससे कचरा उठाने वाले वाहनों के संचालन और रखरखाव को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
कहाँ बनेंगे C&D वेस्ट प्लांट
निर्माण कार्यों से निकलने वाला मलबा भी शहर में बड़ी समस्या बना रहता है। इसके निस्तारण के लिए नगर निगम दो C&D वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करेगा।
– बायोडायवर्सिटी पार्क में मोबाइल प्लांट के लिए 6.64 करोड़ रुपये।
– वजीराबाद में C&D वेस्ट प्लांट के लिए 6.64 करोड़ रुपये।
इन प्लांटों में निर्माण और तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जाएगा, जिससे उसका बेहतर प्रबंधन हो सकेगा।
इन वार्डों में स्ट्रीट लाइटों की सुधरेगी व्यवस्था
शहर के अलग-अलग वार्डों में स्ट्रीट लाइटों के संचालन और रखरखाव के लिए भी छह प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इनमें वार्ड 1 से 36 तक के अलग-अलग क्षेत्रों को शामिल किया गया है। जोन-2, जोन-3, जोन-4, जोन-5 और जोन-6 के वार्डों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए काम होगा। कुछ प्रस्ताव दो साल के रखरखाव से जुड़े हैं, ताकि लाइटों की मरम्मत और संचालन लगातार किया जा सके।
मेयर ने कहा- नागरिक सुविधाओं को मिलेगी प्राथमिकता
मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि गुरुग्राम तेजी से विकसित हो रहा है। ऐसे में शहर की बढ़ती आबादी और जरूरतों के हिसाब से बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है। सीनियर डिप्टी मेयर धर्मबीर भांगरोला और डिप्टी मेयर अनूप सिंह ने भी कहा कि इन परियोजनाओं से कचरा प्रबंधन, सड़क सफाई, धूल नियंत्रण और सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने के निर्देश
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंजूर किए गए कामों में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उनका कहना है कि योजनाओं का असली फायदा तभी मिलेगा, जब उनका सही तरीके से और समय पर क्रियान्वयन होगा।
अब देखना होगा, गुरुग्राम को कितना मिलेगा फायदा?
नगर निगम ने कूड़े से लेकर धूल और स्ट्रीट लाइट तक के लिए करोड़ों रुपये के प्रस्ताव मंजूर कर दिए हैं। लेकिन शहरवासियों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि इन योजनाओं का काम कब शुरू होगा और लोगों को इनका फायदा कब तक मिलेगा? अब असली परीक्षा इन मंजूर योजनाओं को जमीन पर उतारने की होगी।
