कंपनी को भनक तक नहीं लगी और खाते से उड़ गए 25 करोड़! कैसे हुआ इतना बड़ा साइबर फ्रॉड?

सोचिए, एक बड़ी पेमेंट कंपनी के सर्वर तक पहुंच बनाई जाए और कंपनी को भनक लगे बिना करोड़ों रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए जाएं! गुरुग्राम में ऐसा ही साइबर फ्रॉड सामने आया है। पेयू (PayU) पेमेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के सर्वर का अनाधिकृत एक्सेस लेकर कई करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की गई। मामले में गुरुग्राम पुलिस ने पंजाब के लुधियाना से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कंपनी के सर्वर में कैसे लगाई सेंध?
पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर 2026 को PayU कंपनी की तरफ से थाना साइबर अपराध दक्षिण में शिकायत दी गई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने कंपनी के सर्वर का अनाधिकृत एक्सेस हासिल किया और वहां कमांड चलाकर नए लाभार्थी बैंक खाते रजिस्टर किए। इसके बाद कंपनी की जानकारी और अनुमति के बिना करीब 25.67 करोड़ रुपये इन खातों में ट्रांसफर कर दिए गए।

लुधियाना से दो आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच करते हुए गुरुग्राम पुलिस की टीम ने 15 नवंबर को पंजाब के लुधियाना से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान अतर सिंह निवासी गांव पुखड़ी कलां और लवप्रीत सिंह निवासी गांव शेरियां, जिला लुधियाना के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 6 लाख 20 हजार रुपये आरोपी अतर सिंह के बैंक खाते में आए थे। पुलिस के अनुसार, अतर सिंह ने अपना बैंक खाता 2 प्रतिशत कमीशन पर लवप्रीत सिंह को दिया था। इसके बाद लवप्रीत ने भी यह खाता 2 प्रतिशत कमीशन पर किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया।

अभी जांच जारी, बड़े खुलासों की उम्मीद
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। यह मामला अभी जांच के अधीन है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम की धोखाधड़ी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और बाकी रकम कहां ट्रांसफर की गई।

More From Author

ट्रक खड़े किए पार्किंग में, सुबह देखा तो बैटरियां गायब! मानेसर में कौन है ये चोर गैंग?

गुरुग्राम की सड़कों से हटेंगे आवारा पशु? निगम ने शुरू की ताबड़तोड़ कार्रवाई!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.