गुरुग्राम की सड़कों पर कचरा, गंदगी और प्रदूषण की समस्या से निजात दिलाने के लिए अब एक नई पहल शुरू होने जा रही है। शहर को साफ और सुंदर बनाने के लिए आज केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह मैदान में उतरेंगे। वे DLF फेज-2 में ‘क्लीन गुरुग्राम कॉरिडोर’ का शुभारंभ करेंगे। इस पहल से साइबर सिटी की सफाई व्यवस्था में क्या बदलाव आएगा? आइए जानते हैं।

साइबर सिटी की सड़कों पर दिखेगा सफाई का नया मॉडल
इस कॉरिडोर का मुख्य उद्देश्य साइबर सिटी की प्रमुख सड़कों और आसपास के रिहायशी व व्यावसायिक इलाकों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना है। इसके तहत कचरा प्रबंधन को आधुनिक बनाने, नियमित सफाई सुनिश्चित करने और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। इस पहल में सिर्फ सफाई कर्मचारियों की भूमिका नहीं होगी, बल्कि आम नागरिकों और कॉरपोरेट संस्थानों को भी स्वच्छता अभियान से जोड़ा जाएगा। कोशिश है कि लोगों की भागीदारी से गुरुग्राम को एक मॉडल स्वच्छ शहर के रूप में विकसित किया जा सके।
पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भी करेंगे बैठक
क्लीन गुरुग्राम कॉरिडोर के शुभारंभ के बाद केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और संवाद भी करेंगे। इस दौरान क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, आम जनता से जुड़े मुद्दों और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों पर चर्चा होगी।
अब देखना होगा कि ‘क्लीन गुरुग्राम कॉरिडोर’ की यह पहल शहर की सफाई व्यवस्था में कितना बदलाव ला पाती है।
