घर को सिर्फ दो दिन के लिए बंद छोड़कर बाहर जाना एक परिवार को भारी पड़ गया। पीछे के दरवाजे की कुंडी तोड़कर चोर घर में घुसे और कई लाखों रुपये की नकदी और गहने लेकर फरार हो गए। लेकिन पुलिस की जांच में अब इस चोरी का राज खुल गया है। गुरुग्राम पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लाखों की नकदी और आभूषण बरामद किए हैं।

दो दिन बंद मकान की कर ली रेकी
मामला गुरुग्राम के सेक्टर-9A का है। पुलिस के मुताबिक, मकान मालिक 9 नवंबर 2026 को शहर से बाहर गए थे। जब 11 नवंबर को वापस लौटे तो घर के पिछले दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी और दरवाजा खुला मिला। जांच करने पर पता चला कि घर से करीब 15.5 लाख रुपये और आभूषण चोरी हो चुके हैं। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई और मामला दर्ज किया गया।
अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया था आरोपी
इस मामले की जांच अपराध शाखा सेक्टर-10 की टीम कर रही थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रहीस खान को 13 नवंबर को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने सेक्टर-9A के मकान में चोरी करने की वारदात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने उसे 16 नवंबर को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।
ट्रैक्टर चलाता था आरोपी, साथी के साथ की थी चोरी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिल्ली के कापसहेड़ा में ट्रैक्टर चलाता है। उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर पहले मकान की रेकी की थी। जब उन्हें पता चला कि मकान दो दिन से बंद है, तो दोनों ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 14 लाख 31 हजार 500 रुपये की नकदी बरामद की है। इसके अलावा 10 जोड़ी चांदी की पाजेब, 11 चांदी के सिक्के, एक चांदी की हंसली और एक सोने का मंगलसूत्र भी बरामद किया गया है। इतना ही नहीं, पुलिस ने एक अन्य चोरी के मामले में दो शर्ट, एक ट्रैक पैंट, तांबे की बोतल, इलेक्ट्रिक प्रेस और एक सोने का मंगलसूत्र भी बरामद किया है।
पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, आरोपी रहीस खान के खिलाफ उत्तर प्रदेश में हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा गुरुग्राम में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और आरोपी के दूसरे साथी की भूमिका सहित चोरी की अन्य वारदातों की भी पड़ताल की जा रही है।
