गुरुग्राम शहर की गलियों में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां कब पहुंचेंगी? घरों से रोजाना कूड़ा उठाने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए नगर निगम ने अब सख्त समयसीमा तय कर दी है। हैरानी की बात यह है कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण का काम शुरू करने वाली दोनों एजेंसियां तय लक्ष्य से काफी पीछे चल रही हैं। एक एजेंसी के पास जरूरत के मुकाबले बेहद कम वाहन हैं, जबकि दूसरी एजेंसी ने अब तक एक भी वाहन उपलब्ध नहीं कराया।

एक एजेंसी के पास सिर्फ 68 वाहन, दूसरी ने नहीं लगाया एक भी
सेक्टर-34 स्थित नगर निगम कार्यालय में सोमवार को हुई सैनिटेशन समीक्षा बैठक में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण के तहत क्लस्टर-1 में 14 नवंबर और क्लस्टर-2 में 18 नवंबर तक 50 प्रतिशत वाहन तैनात किए जाने थे।
लेकिन दोनों एजेंसियां तय समयसीमा पर लक्ष्य पूरा नहीं कर पाईं। क्लस्टर-1 की एजेंसी दिल्ली एमएसडब्ल्यू सॉल्यूशन लिमिटेड को कुल 463 वाहन लगाने हैं, लेकिन अब तक केवल 68 वाहन ही उपलब्ध करवाए गए हैं। एजेंसी ने 50 अन्य वाहनों के पंजीकरण के लिए आरटीओ में भेजे जाने की जानकारी दी। वहीं, क्लस्टर-2 की एजेंसी बीवीजी इंडिया लिमिटेड ने अब तक एक भी वाहन उपलब्ध नहीं करवाया है। इस पर निगमायुक्त ने दोनों एजेंसियों को काम में तेजी लाने और तय समय पर वाहन लगाने के निर्देश दिए।
15 दिसंबर तक 50 प्रतिशत का लक्ष्य
निगमायुक्त ने साफ कर दिया है कि दोनों एजेंसियों को 6 दिसंबर 2026 से पहले कम से कम 100-100 वाहन तैनात करने होंगे। इसके बाद 15 दिसंबर 2026 तक दोनों एजेंसियों को अपने अनुबंध के तहत निर्धारित कुल वाहनों का कम से कम 50 प्रतिशत उपलब्ध करवाना होगा।
अगर एजेंसियां तय समयसीमा का पालन नहीं करती हैं तो उनके खिलाफ अनुबंध के नियमों के अनुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका को इस काम के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्हें एजेंसियों को जरूरी फील्ड सहयोग देने और आरटीओ के साथ समन्वय कर वाहनों का पंजीकरण जल्द करवाने की जिम्मेदारी दी गई है।
अब घरों पर लगेंगे RFID टैग, गाड़ियों का होगा ट्रायल
नगर निगम ने सिर्फ वाहन लगाने का आदेश ही नहीं दिया, बल्कि कूड़ा संग्रहण की पूरी व्यवस्था को जांचने की तैयारी भी की है। दोनों एजेंसियों को तुरंत वाहनों का फील्ड ट्रायल शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इस ट्रायल में देखा जाएगा कि गाड़ियां गलियों तक पहुंच पा रही हैं या नहीं, घरों से कूड़ा उठाने में कितना समय लग रहा है और कचरा सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट तक कैसे पहुंचाया जा रहा है। एजेंसियों को अपने रूट और ट्रांसफर स्टेशनों का निरीक्षण कर कमियों की रिपोर्ट भी देनी होगी।
इसके साथ ही घरों पर RFID टैग लगाने का काम भी तुरंत शुरू करने को कहा गया है। वाहनों की तैनाती की प्रगति की समीक्षा हर सप्ताह होगी।
कूड़े की गाड़ियों के लिए पार्किंग और चार्जिंग की व्यवस्था
बैठक में कूड़ा संग्रहण वाहनों के लिए पार्किंग और चार्जिंग सुविधाओं पर भी चर्चा हुई। निगमायुक्त ने बेरिवाला बाग पार्किंग स्थल को क्लस्टर-2 की एजेंसी बीवीजी इंडिया लिमिटेड को इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए सौंपने के निर्देश दिए हैं।
एजेंसी को सात दिनों के भीतर जरूरी बिजली व्यवस्था विकसित करनी होगी। दोनों एजेंसियों को अपने पार्किंग स्थलों के लिए बिजली कनेक्शन के आवेदन भी तुरंत जमा कराने होंगे। इसके अलावा ट्रांसफर साइटों पर बुनियादी सुविधाएं विकसित करने और 15 दिनों के भीतर साइट तैयार कर एजेंसियों को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
रोजाना 12 हजार मीट्रिक टन कचरे का होगा प्रसंस्करण
बैठक में बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर पुराने कचरे यानी लेगेसी वेस्ट के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों के अनुसार, 30 जनवरी 2026 को दोनों एजेंसियों को कुल 16.80 लाख मीट्रिक टन कचरे के प्रसंस्करण का काम दिया गया था। 23 नवंबर 2026 तक इसमें से 8.73 लाख मीट्रिक टन कचरे का प्रसंस्करण हो चुका है, जबकि 8.07 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण अभी बाकी है। साइट पर कुल कचरे का स्टॉक 13.86 लाख मीट्रिक टन बताया गया है।
अनुबंध के अनुसार 14 फरवरी 2027 तक आवंटित कचरे का निस्तारण पूरा करना है। इसके लिए रोजाना औसतन करीब 9,723 मीट्रिक टन कचरे का प्रसंस्करण जरूरी है। लेकिन निगमायुक्त ने एजेंसियों को इससे भी ज्यादा यानी प्रतिदिन कम से कम 12 हजार मीट्रिक टन कचरे के प्रसंस्करण का लक्ष्य दिया है। दिसंबर और जनवरी में बारिश और कोहरे से काम प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए एजेंसियों को अपनी क्षमता बढ़ाने और अतिरिक्त कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
अब एजेंसियों की होगी हर सप्ताह निगरानी
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने साफ कहा कि सफाई व्यवस्था में लगी एजेंसियों को अनुबंध और तय समयसीमा के अनुसार काम करना होगा। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, बंधवाड़ी में पुराने कचरे का निस्तारण और नए वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट से जुड़े कामों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अब देखना होगा कि 6 दिसंबर तक दोनों एजेंसियां 100-100 वाहन उतार पाती हैं या नहीं। क्योंकि इस बार नगर निगम ने सिर्फ निर्देश नहीं दिए हैं, बल्कि लक्ष्य पूरा नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दे दी है।
