गुरुग्राम शहर की सड़कों पर लगे बड़े-बड़े होर्डिंग, यूनिपोल और चमकती LED स्क्रीन अब नगर निगम की नजर से बच नहीं पाएंगे। अगर किसी सड़क, दीवार या चौराहे पर विज्ञापन लगा है, तो उसकी पूरी जानकारी नगर निगम के रिकॉर्ड में दर्ज होगी। इसके लिए निगम ने शहर के सभी छह जोन में विशेष सर्वेक्षण कराने का फैसला लिया है।

यूनिपोल से लेकर दीवारों पर लगे विज्ञापनों तक होगी जांच
नगर निगम इस बार केवल पुराने रिकॉर्ड के आधार पर जानकारी जुटाने के बजाय शहर में मौके पर जाकर सर्वे कराएगा। इसमें किसी भी तरह के आउटडोर विज्ञापन को नहीं छोड़ा जाएगा।
सर्वे में यूनिपोल, होर्डिंग, दीवारों पर लगे विज्ञापन, वाल रैप, डिजिटल और LED स्क्रीन, गैन्ट्री सहित अन्य सभी विज्ञापन माध्यम शामिल होंगे। हर विज्ञापन स्थल का प्रकार, पूरा पता, संबंधित सड़क और आसपास की पहचान से जुड़ी जानकारी दर्ज की जाएगी।
हर विज्ञापन की फोटो और लोकेशन भी होगी रिकॉर्ड
इस सर्वे की खास बात यह है कि अब सिर्फ कागजों में विज्ञापन की जानकारी दर्ज नहीं होगी। प्रत्येक विज्ञापन स्थल की साफ और हालिया तस्वीर लेना भी अनिवार्य होगा। तस्वीर में विज्ञापन के साथ आसपास का इलाका भी दिखाई देना चाहिए। इसके अलावा हर विज्ञापन स्थल के अक्षांश और देशांतर यानी Latitude और Longitude भी रिकॉर्ड किए जाएंगे। इससे भविष्य में किसी भी विज्ञापन की वास्तविक लोकेशन आसानी से पहचानी जा सकेगी।
छह जोन के अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने जोन-1 से जोन-6 तक के सभी संयुक्त आयुक्तों को सर्वेक्षण की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में सर्वे की व्यक्तिगत निगरानी करनी होगी। इतना ही नहीं, सर्वे पूरा होने के बाद हर संयुक्त आयुक्त को हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र भी देना होगा। इसमें उन्हें यह प्रमाणित करना होगा कि उनके पूरे जोन में सर्वे कराया गया है और कोई भी विज्ञापन स्थल रिकॉर्ड से छूटा नहीं है।
कब तक जमा करनी होगी पूरी रिपोर्ट
नगर निगम ने सभी अधिकारियों को 27 नवंबर 2026 तक सर्वेक्षण रिपोर्ट और हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र निगमायुक्त कार्यालय में जमा कराने का निर्देश दिया है। इस पूरी कवायद का मकसद शहर में लगे आउटडोर विज्ञापनों का व्यवस्थित और अपडेट रिकॉर्ड तैयार करना है। इससे विज्ञापन स्थलों की निगरानी और नगर निगम की प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
अब बड़ा सवाल यह है कि सर्वे पूरा होने के बाद शहर में लगे कितने विज्ञापन नगर निगम के रिकॉर्ड में शामिल मिलते हैं और कितने ऐसे सामने आते हैं, जिनकी जानकारी पहले निगम के पास नहीं थी?
