पिता की कार लेकर निकले छात्र, सड़क पर करने लगे स्टंट! फिर व्यापारियों ने कैसे पकड़ा?

सड़क पर तेज रफ्तार में कार दौड़ाना और स्टंट करना तीन युवकों को भारी पड़ गया। आरोप है कि बलेनो कार सवार तीन छात्रों ने दिनदहाड़े सेक्टर-34 की मार्बल मार्केट में जमकर उत्पात मचाया। पहले सड़क किनारे खड़ी MG Hector कार को टक्कर मार दी और जब लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो कार भगाने लगे। इस दौरान एक व्यक्ति पर भी गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया गया।

पहले खड़ी कार में मारी जोरदार टक्कर
यह घटना 23 नवंबर की सुबह करीब 11 से 11:30 बजे के बीच की है। सेक्टर-70 के पिरामिड अल्टिया निवासी नवनीत करनावत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सेक्टर-34 के प्लॉट नंबर-94 में उनकी पदमावती स्टोरेक्स नाम से दुकान है।
उनकी MG Hector कार दुकान के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बलेनो कार वहां पहुंची। शिकायत के मुताबिक, कार चालक सड़क पर खतरनाक तरीके से स्टंट कर रहा था। इसी दौरान उसने नवनीत की खड़ी कार में जोरदार टक्कर मार दी।

रोकने आए व्यक्ति पर भी कार चढ़ाने का प्रयास
टक्कर के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बलेनो चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय कार लेकर भागने लगा। आरोप है कि उसने दोबारा स्टंट करते हुए आगे बढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान एक व्यक्ति ने कार रोकने का प्रयास किया तो चालक ने उस पर भी गाड़ी चढ़ाने और टक्कर मारकर डराने की कोशिश की। यह देखकर आसपास के व्यापारी सतर्क हो गए। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर कार को चारों तरफ से घेर लिया और उसे रोक लिया।
इसके बाद कार में बैठे तीनों युवकों को पकड़कर पुलिस को सूचना दी गई।

तीनों युवक निजी यूनिवर्सिटी के छात्र
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान प्रिंस (20), गोपाल तंवर (21) और विवेक सिंह (22) के रूप में हुई है। प्रिंस गांव बमरोल, सिकंदरपुर बढ़ा का रहने वाला है। गोपाल तंवर दिल्ली के गांव मांडी का निवासी है, जबकि विवेक सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के गांव कुशाहा का रहने वाला है और फिलहाल सिकंदरपुर बढ़ा में रहता है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों गुरुग्राम की एक निजी यूनिवर्सिटी में पढ़ते हैं। प्रिंस BBA, गोपाल BCA और विवेक BBA का छात्र है।

पिता की कार लेकर निकला था प्रिंस
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, घटना के समय बलेनो कार प्रिंस चला रहा था। वह अपने पिता की कार लेकर निकला था और उसके साथ गोपाल व विवेक भी मौजूद थे। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बलेनो कार को बरामद कर जब्त कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

दिनदहाड़े बाजार में हुई इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर खतरनाक स्टंट करने वालों के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि व्यापारियों की सतर्कता से स्थिति और गंभीर होने से बच गई।

More From Author

अब पंचायतों की कमाई पर सरकार भी लगाएगी पैसा! CM सैनी की घोषणा से क्या बदल जाएगा?

गाड़ी के शीशे काले हैं तो सावधान! गुरुग्राम पुलिस ने 24 दिन में काटे 525 चालान, कितना लगा जुर्माना?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.