दिनदहाड़े महिला की चेन लूटी और हो गए गायब! CCTV ने कैसे पहुंचाया जेल?

गुरुग्राम के पॉश इलाके पालम विहार में महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हुए दो बाइक सवार बदमाश आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। लेकिन इनकी गिरफ्तारी के बाद जो खुलासा हुआ, वह और भी चौंकाने वाला है। इनमें से एक आरोपी के खिलाफ दिल्ली में हत्या के प्रयास, लूट और चोरी जैसे गंभीर अपराधों के 25 मामले दर्ज हैं।

पलक झपकते ही झपट ली सोने की चेन
मामला 11 नवंबर 2026 का है। पालम विहार के नोबेल एन्क्लेव में रहने वाली एक महिला अपने घर लौट रही थी। तभी बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने अचानक उसके गले पर हाथ मारा और सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला। अगले दिन पीड़िता ने पालम विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई।

CCTV फुटेज ने खोली बदमाशों की पोल
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच क्राइम ब्रांच पालम विहार को सौंपी गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने 25 नवंबर को बिजवासन रोड से पहले आरोपी विनय उर्फ मोटा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने दिल्ली के नजफगढ़ स्थित बापडोला विहार में छापेमारी कर उसके दूसरे साथी ललित मिश्रा उर्फ विक्की उर्फ राहुल को भी दबोच लिया।

एक आरोपी पर 25 आपराधिक केस!
दोनों आरोपियों की हिस्ट्री खंगालने पर पुलिस के भी होश उड़ गए। मुख्य आरोपी विनय उर्फ मोटा के खिलाफ अकेले दिल्ली के अलग-अलग थानों में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कुल 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी दिल्ली-NCR में सक्रिय थे और राह चलते लोगों, खासकर महिलाओं को निशाना बनाते थे।

सोने की चेन की तलाश जारी
एसीपी क्राइम इंदीवर के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। अब पुलिस छीनी गई सोने की चेन बरामद करने के लिए पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों ने गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में झपटमारी की कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है।

More From Author

प्लॉट के नाम पर करोड़ों रुपये लिए, लेकिन जमीन नहीं मिली! अब वटिका समूह की 545 करोड़ की संपत्ति कुर्क, क्या है पूरा मामला?

एक बाइक के दो नंबर और चालान किसी तीसरे के नाम! गुरुग्राम में कैसे हुआ ये फर्जीवाड़ा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.