ऊपर से देखने पर यह एक आम ट्रक लग रहा था, लेकिन इसके अंदर ऐसा सामान छिपा था, जिसकी भनक लगते ही पुलिस ने पूरे ट्रक की घेराबंदी कर दी। जब काला तिरपाल हटाकर 19 कट्टे खोले गए, तो उनके अंदर गांजा भरा मिला। गुरुग्राम STF ने ट्रक से कई किलो गांजा बरामद किया है।

मामला बल्लभगढ़-सोहना रोड पर सांचोली गांव के नजदीक का है। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की सेंट्रल यूनिट ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर राजस्थान नंबर के टाटा ट्रक को रुकवाकर यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना मिलते ही ट्रक की घेराबंदी
STF सेंट्रल यूनिट के पीएसआई नरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ सोहना के लाखूवास मोड़ के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान 25 नवंबर की शाम करीब 6 बजे एक मुखबिर ने सूचना दी कि राजस्थान नंबर का टाटा ट्रक (RJ 21GB 4543) वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे से होते हुए सांचोली गांव की तरफ आ रहा है। बताया गया कि ट्रक में भारी मात्रा में गांजा रखा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने लाखूवास कट की तरफ से आ रहे संदिग्ध ट्रक को रुकने का इशारा किया। पुलिस नाका देखकर चालक ने ट्रक को करीब 25-30 कदम पहले ही रोक दिया। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को घेरकर उसमें सवार दोनों लोगों को पकड़ लिया।
नायब तहसीलदार की निगरानी में खुलवाए 19 कट्टे
पुलिस के मुताबिक, सोहना के नायब तहसीलदार बीर सिंह रात करीब 9:50 बजे ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर मौके पर पहुंचे। उनकी निगरानी में नियमानुसार तलाशी की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद ट्रक का पिछला हिस्सा खुलवाया गया। अंदर काले पॉलीथीन और तिरपाल से ढके अलग-अलग रंगों के 19 प्लास्टिक के कट्टे रखे हुए थे। जब इन कट्टों को खोलकर जांच की गई तो उनमें गांजा मिला। दोनों आरोपी इस गांजे को ले जाने से संबंधित कोई लाइसेंस या परमिट भी पेश नहीं कर सके।
इलेक्ट्रॉनिक कांटे से किया वजन, कितने किलो गांजा बरामद
STF टीम ने मौके पर ही इलेक्ट्रॉनिक कांटे से सभी 19 कट्टों का अलग-अलग वजन किया। इनका कुल वजन 371.680 किलोग्राम निकला। कार्रवाई की पारदर्शिता के लिए पुलिस ने ‘ई-साक्ष्य’ ऐप के जरिए घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की। बरामद गांजे के दो सैंपल तैयार कर सील किए गए। पूरी खेप और ट्रक को भी सबूत के तौर पर कब्जे में ले लिया गया।
कहाँ के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस के अनुसार, ट्रक चला रहे व्यक्ति की पहचान सज्जन निवासी चांदगोठी, राजगढ़, जिला चूरू के रूप में हुई है। वहीं, कंडक्टर सीट पर बैठे व्यक्ति का नाम रामसिंह है, जो त्रिपाली छोटी, जिला चूरू का रहने वाला है।
कहां से लाई गई थी गांजे की खेप?
इस मामले में थाना सदर सोहना में दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस जगह सप्लाई किया जाना था।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि ट्रक में छिपाकर लाई जा रही इस खेप के पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा था और इसके असली सप्लायर कौन हैं? जांच के बाद ही इन सवालों के जवाब सामने आ सकेंगे।
