गुरुग्राम में सरकारी सील तोड़कर चल रहे थे बड़े-बड़े शोरूम! Vibes समेत कई प्रतिष्ठानों पर एक्शन, FIR की तैयारी
गुरुग्राम: सरकारी सील लगी इमारत के अंदर अगर बड़े-बड़े ब्रांड के शोरूम चलने लगें, तो सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर प्रशासन की कार्रवाई के बाद भी कारोबार कैसे शुरू हो गया? गुरुग्राम के सुशांत लोक-1 में ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां बिना अनुमति सरकारी सील खोलकर दोबारा व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। मामला सामने आने के बाद टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की प्रवर्तन टीम ने पूरी बिल्डिंग खाली कराकर दोबारा सील कर दी। इतना ही नहीं, इमारत की बिजली सप्लाई भी बंद करवा दी गई है।

9 सितंबर को सील हुई थी बिल्डिंग, फिर कैसे शुरू हुआ कारोबार?
मामला हुड्डा सिटी सेंटर (मिलेनियम सिटी सेंटर) मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित मकान नंबर B-711 का है। बेसमेंट सहित चार मंजिला इस इमारत को विभाग ने 9 सितंबर 2026 को सीलिंग अभियान के दौरान सील किया था। इसके बावजूद आरोप है कि विभाग की अनुमति के बिना सील हटाकर यहां दोबारा कारोबार शुरू कर दिया गया। निरीक्षण के दौरान विभाग की टीम को इमारत में कई बड़े ब्रांड के शोरूम और व्यावसायिक प्रतिष्ठान चलते मिले। इनमें Vibes, 11 Space, Surfaces और Fit Club जैसी व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं।
मकान मालिक, केयरटेकर और किरायेदारों पर FIR की तैयारी
मामले की जानकारी मिलते ही जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) अमित मधोलिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को खाली कराया और इमारत के सभी हिस्सों को दोबारा सील कर दिया। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति भी बंद करवा दी गई। विभाग की शुरुआती जांच में मकान मालिक और केयरटेकर गुनजन की भूमिका सामने आई है। आरोप है कि बिना विभागीय अनुमति के सील खोली गई थी। वहीं, दोबारा कारोबार शुरू करने वाले किरायेदारों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। विभाग ने मकान मालिक, केयरटेकर और संबंधित किरायेदारों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की सिफारिश की है।
DLF फेज-2 की दो और इमारतें विभाग के रडार पर
सुशांत लोक-1 की कार्रवाई के बाद अब DLF फेज-2 की दो अन्य इमारतें भी विभाग के रडार पर आ गई हैं। जिला नगर योजनाकार अमित मधोलिया के अनुसार, इन दोनों इमारतों में भी सील के साथ छेड़छाड़ किए जाने की जानकारी मिली है। विभाग की टीम शनिवार को यहां कार्रवाई करेगी। इन इमारतों को दोबारा सील करने के साथ संबंधित मकान मालिकों और किरायेदारों के खिलाफ भी FIR दर्ज कराने की सिफारिश की जाएगी।
विभाग ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिला नगर योजनाकार अमित मधोलिया ने स्पष्ट किया कि सीलिंग की कार्रवाई के बाद बिना अनुमति सील खोलकर दोबारा व्यावसायिक गतिविधियां शुरू करना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में विभाग की ओर से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अब बड़ा सवाल यह है कि जब इमारत को विभाग ने सील किया था, तो आखिर किसकी अनुमति से वहां दोबारा शोरूम और व्यावसायिक प्रतिष्ठान खोल दिए गए? क्या इस मामले में जिम्मेदार लोगों पर FIR दर्ज होने के बाद आगे भी कोई बड़ी कार्रवाई होगी?
