गुरुग्राम की सड़कों पर अगर आपने गलत पार्किंग की या रॉन्ग साइड गाड़ी दौड़ाई, तो पुलिस की नजर से बचना मुश्किल है! ट्रैफिक पुलिस ने एक ही दिन में ऐसा एक्शन लिया कि 17 हजार से ज्यादा चालान कट गए और कई करोड़ों रुपये का जुर्माना लगा दिया गया। लेकिन सबसे ज्यादा कार्रवाई किस गलती पर हुई? आंकड़े देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे!

दरअसल, गुरुग्राम यातायात पुलिस ने 27 नवंबर 2026 को ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की। इस दौरान कुल 17,091 चालान किए गए और 3,38,98,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
गलत पार्किंग करने वालों के सबसे ज्यादा चालान
पुलिस की कार्रवाई में सबसे ज्यादा निशाने पर गलत पार्किंग करने वाले वाहन चालक रहे। एक ही दिन में ऐसे 4,146 चालान काटे गए। इसके अलावा रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के 1,420 चालान किए गए। वहीं, निर्धारित लेन के नियमों का उल्लंघन करते हुए बार-बार लेन बदलने वाले 904 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
बिना नंबर प्लेट के 166 वाहन जब्त
ट्रैफिक पुलिस ने बिना नंबर प्लेट सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ भी सख्ती दिखाई। कार्रवाई के दौरान ऐसे 166 वाहनों को इंपाउंड किया गया। पुलिस के अनुसार, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने से न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन होता है, बल्कि किसी आपराधिक घटना में वाहन की पहचान करना भी मुश्किल हो जाता है।
गलत दिशा और गलत पार्किंग से बढ़ता है हादसों का खतरा
पुलिस का कहना है कि गलत पार्किंग से सड़क पर यातायात बाधित होता है। रॉन्ग साइड ड्राइविंग से आमने-सामने की टक्कर का खतरा बढ़ जाता है। वहीं, बिना वजह लेन बदलने से दूसरे वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ सकता है, जिससे दुर्घटना की आशंका रहती है।
ट्रैफिक पुलिस की वाहन चालकों को चेतावनी
गुरुग्राम यातायात पुलिस ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित लेन में गाड़ी चलाएं, गलत पार्किंग और रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचें और अपने वाहन पर स्पष्ट व वैध नंबर प्लेट लगवाएं। अब गुरुग्राम की सड़कों पर निकलते समय सावधानी जरूरी है। क्योंकि एक दिन में 17 हजार से ज्यादा चालान का आंकड़ा बताता है कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है।
