रात 1 बजे ऐसा क्या हुआ कि गुरुग्राम के क्लब में मच गया हंगामा? प्रांजल दहिया के शो में आखिर क्यों नहीं पहुंचीं फैंस की चहेती?

गुरुग्राम के सेक्टर-29 में शनिवार रात कुछ ऐसा हुआ, जिसकी उम्मीद शायद ही किसी ने की होगी। सैकड़ों युवा अपने पसंदीदा हरियाणवी कलाकार प्रांजल दहिया को देखने के लिए घंटों से इंतजार कर रहे थे। किसी ने ₹2 हजार का टिकट खरीदा था, तो किसी ने ₹50 हजार तक खर्च कर VIP टेबल बुक कराई थी। लेकिन रात करीब 1 बजे अचानक एक ऐलान हुआ और पूरी रात का उत्साह गुस्से में बदल गया। इसके बाद क्लब में जमकर हंगामा हुआ।

दरअसल, मामला गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित ‘अल्फा’ क्लब का है, जहां हरियाणवी कलाकार प्रांजल दहिया का लाइव शो आयोजित किया जाना था। शो का समय रात 9 बजे तय किया गया था। कार्यक्रम को लेकर क्लब प्रबंधन पिछले करीब 10 दिनों से सोशल मीडिया और पोस्टरों के जरिए प्रचार कर रहा था। इसी वजह से गुरुग्राम ही नहीं, बल्कि दिल्ली, नोएडा और मेरठ समेत कई शहरों से बड़ी संख्या में युवा शो देखने पहुंचे थे।

रात 9 बजे शुरू होना था शो, 1 बजे तक नहीं पहुंचीं प्रांजल
शनिवार रात 9 बजे से ही क्लब में फैंस की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। सभी को प्रांजल दहिया के स्टेज पर आने का इंतजार था। जैसे-जैसे समय बीतता गया, लोगों की बेचैनी बढ़ती गई। रात करीब 1 बजे तक जब कलाकार नहीं पहुंचीं तो फैंस ने क्लब स्टाफ से सवाल-जवाब शुरू कर दिए। इसके कुछ देर बाद क्लब मैनेजमेंट ने माइक पर शो कैंसिल होने का ऐलान कर दिया। मैनेजमेंट की ओर से बताया गया कि प्रांजल दहिया को अचानक मेडिकल इश्यू हो गया है, जिसके चलते वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएंगी।

₹2 हजार का टिकट और ₹50 हजार की VIP टेबल, रिफंड मांगने पर विवाद
शो कैंसिल होने की घोषणा के बाद दर्शकों ने अपने टिकट और टेबल बुकिंग का पैसा वापस मांगना शुरू कर दिया। सेक्टर-10ए निवासी रिंकू और सोनू के मुताबिक, शो के लिए एंट्री टिकट की कीमत करीब ₹2 हजार थी, जबकि VIP टेबल की बुकिंग ₹50 हजार तक में की गई थी। आरोप है कि क्लब प्रबंधन ने पैसे वापस करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दर्शकों और क्लब मैनेजमेंट के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला हंगामे तक पहुंच गया।

वीडियो बनाने लगे तो बाउंसरों पर बदसलूकी का आरोप
हंगामे के दौरान कुछ युवाओं ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। रिंकू और सोनू का आरोप है कि क्लब के बाउंसरों ने उनके साथ बदसलूकी की और कुछ लोगों के मोबाइल से जबरन वीडियो डिलीट करवा दिए। इस घटना से वहां मौजूद लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। वहीं, क्लब मैनेजमेंट की ओर से लोगों को सुबह 6 बजे तक रुककर पार्टी का आनंद लेने या घर लौटने का विकल्प दिया गया।

प्रांजल दहिया ने इंस्टाग्राम पर मांगी माफी, जल्द बताई जाएगी नई तारीख
दूसरी ओर, शो कैंसिल होने के बाद प्रांजल दहिया ने आधी रात के बाद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी शेयर की। इसमें उन्होंने कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाने पर फैंस से खेद जताया और कहा कि शो की अगली तारीख जल्द बताई जाएगी। हालांकि, क्लब की तरफ से रिफंड को लेकर कोई आश्वासन नहीं दिया गया। ऐसे में दिल्ली-NCR, मेरठ और आसपास के इलाकों से अपने पसंदीदा कलाकार को देखने पहुंचे फैंस को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। अब इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि घंटों इंतजार करने और हजारों रुपये खर्च करने वाले दर्शकों को उनके पैसे कब वापस मिलेंगे?

More From Author

सरकारी सील के बावजूद कैसे चल रहे थे बड़े ब्रांड के शोरूम? गुरुग्राम में बिल्डिंग दोबारा सील, FIR की तैयारी

गुरुग्राम वालों का सफर अब कितना सस्ता होने वाला है? 100 इलेक्ट्रिक बसें किन रास्तों पर दौड़ेंगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.