गुरुग्राम के दौलताबाद इलाके में एक स्थान पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने यहां कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कराए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और पुलिस को मौके पर बुला लिया। मामले में हिंदू संगठनों के पदाधिकारी भी पहुंच गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, गांव दौलताबाद स्थित ‘हाउस ऑफ होप’ नामक स्थान को लेकर स्थानीय निवासियों ने सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि यहां बिना प्रशासनिक अनुमति के बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों को इकट्ठा किया जाता है। इस दौरान कथित तौर पर उन्हें लोभ-लालच देकर और जबरन धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की जाती है।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने धनकोट चौकी और राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत में इस स्थान पर चल रही गतिविधियों की जांच कराने और वहां जुटने वाले लोगों की पहचान पता लगाने की मांग की गई है।
400 से 500 लोगों के जुटने का आरोप
स्थानीय नागरिक प्रवीण हिंदुस्तानी का आरोप है कि दौलताबाद स्थित हाउस ऑफ होप में कुछ अज्ञात लोग सक्रिय हैं। उनके मुताबिक, यहां बिना स्थानीय प्रशासन, पार्षद या संबंधित अधिकारियों को सूचना दिए 400 से 500 लोगों की भीड़ जुटाई जाती है। इनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों के लगातार जुटने से इलाके में चिंता का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से इस गतिविधि के बारे में पूरी जानकारी जुटाने की मांग की है।
लोभ-लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप
दीपक दौलताबाद ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि यहां आने वाली महिलाओं और बच्चों को कथित तौर पर लोभ-लालच देकर और दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इन आरोपों के सामने आने के बाद स्थानीय निवासियों और हिंदू संगठनों के लोगों ने विरोध जताया। लोगों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अन्य संदिग्ध गतिविधियों की भी आशंका जताई
स्थानीय निवासी भीम सिंह ने आशंका जताई है कि इस स्थान पर धर्म परिवर्तन के आरोपों के अलावा अन्य संदिग्ध गतिविधियां भी हो सकती हैं। उन्होंने पुलिस से यह पता लगाने की मांग की है कि यहां आने वाले 400 से 500 लोग कौन हैं, कहां से आते हैं और किस उद्देश्य से यहां एकत्रित होते हैं।
पुलिस ने संस्था से मांगे दस्तावेज
मामले में राजेंद्रा पार्क थाना के एसएचओ राजेश ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है और इसकी जांच की जा रही है। जिस संस्था ने इस स्थान को किराये पर लिया था, उससे संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं।
एसएचओ के अनुसार, दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यहां किस तरह की गतिविधियां संचालित हो रही थीं। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। स्थानीय लोगों की ओर से लगाए गए धर्म परिवर्तन और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
