गुरुग्राम की सड़कों पर अब ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना वाहन चालकों को भारी पड़ रहा है। गलत पार्किंग हो या रॉन्ग साइड ड्राइविंग, यातायात पुलिस ने एक ही दिन में ऐसा अभियान चलाया कि हजारों वाहन चालक कार्रवाई की जद में आ गए।

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने 28 नवंबर 2026 को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष कार्रवाई करते हुए कुल 17,762 चालान काटे। इस दौरान बिना नंबर प्लेट के चल रहे 156 वाहनों को इंपाउंड भी किया गया।
गलत पार्किंग करने वालों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई में सबसे ज्यादा मामले गलत पार्किंग के सामने आए। गलत तरीके से वाहन पार्क करने पर 4,120 चालान किए गए। वहीं, रॉन्ग साइड वाहन चलाने वाले 1,446 चालकों के चालान काटे गए। इसके अलावा, निर्धारित लेन में वाहन नहीं चलाने और बार-बार अनावश्यक रूप से लेन बदलने वाले 1,328 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
इन गलतियों से बढ़ता है हादसों का खतरा
पुलिस के मुताबिक, गलत पार्किंग के कारण सड़कों पर जाम और दूसरे वाहन चालकों को परेशानी होती है। वहीं, रॉन्ग साइड ड्राइविंग से आमने-सामने की टक्कर का खतरा बढ़ जाता है। बिना जरूरत लेन बदलने से भी सड़क पर चल रहे दूसरे वाहनों की गति और दिशा प्रभावित होती है। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित लेन में ही वाहन चलाएं, गलत पार्किंग और रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचें तथा अपने वाहनों पर स्पष्ट नंबर प्लेट जरूर लगवाएं।
