गुरुग्राम में क्या अब खुली हवा में सांस लेना भी मुश्किल हो गया है? शहर में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ा हुआ है और हालात ऐसे हैं कि लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी हो रही है। हैरानी की बात यह है कि प्रशासन के तमाम दावों के बावजूद प्रदूषण कम होने का नाम नहीं ले रहा।

रविवार को गुरुग्राम का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 282 दर्ज किया गया। वहीं, शहर के कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर इससे भी ज्यादा रहा। टेरी ग्राम में AQI 321 तक पहुंच गया, जो शहर के बताए गए निगरानी केंद्रों में सबसे अधिक रहा
टेरी ग्राम की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित
रविवार को अलग-अलग इलाकों में दर्ज AQI के आंकड़े कुछ इस तरह रहे:
– टेरी ग्राम: 321
– ग्वाल पहाड़ी: 284
– सेक्टर-51: 257
– विकास सदन: 256
पिछले करीब एक सप्ताह से शहर का AQI इसी स्तर के आसपास बना हुआ है। प्रदूषण में कोई खास कमी देखने को नहीं मिल रही है।
शहर से गांव तक जलाया जा रहा कूड़ा
प्रदूषण बढ़ने की एक बड़ी वजह खुले में कूड़ा जलाना भी सामने आ रही है। गुरुग्राम के शहरी और ग्रामीण इलाकों में लगातार कूड़ा जलाया जा रहा है। इसके अलावा निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और सड़कों पर जमा मिट्टी भी हवा को प्रदूषित कर रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कूड़ा जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं, ज्यादातर सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा। इससे धूल हवा में घुल रही है और लोगों की परेशानी बढ़ रही है
बच्चों और बुजुर्गों के लिए बढ़ी परेशानी
बढ़ते प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों पर पड़ रहा है। लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसी शिकायतें हो रही हैं। डॉक्टरों ने लोगों को सुबह और शाम के समय बाहर टहलने से बचने और जरूरत पड़ने पर मास्क लगाने की सलाह दी है।
दिन में धूप, सुबह-शाम बढ़ रही ठंड
एक तरफ शहर प्रदूषण की मार झेल रहा है, तो दूसरी तरफ मौसम में भी ठंड बढ़ने लगी है। रविवार को गुरुग्राम का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिली, लेकिन सुबह और शाम ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का एहसास बढ़ गया। ऐसे में गुरुग्राम के लोगों के सामने प्रदूषण और ठंड दोनों की चुनौती बनी हुई है।
