भोंडसी थाना क्षेत्र स्थित बाल भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल गुरुवार को उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब फीस विवाद को लेकर कुछ अभिभावकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर स्कूल चेयरमैन पर लाठी-डंडों और कुर्सियों से हमला कर दिया। घटना स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी तरह कैद हो गई है।

हमले के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। चेयरमैन समेत कई लोग चोटिल हुए। सूचना मिलने पर भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फीस जमा करने आए, विवाद कर लौटे
पुलिस को दी शिकायत में स्कूल चेयरमैन वीरेंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब दो बजे सहजावास निवासी मनोज और सतीश अपने बच्चों की फीस जमा करने स्कूल पहुंचे थे। फीस को लेकर उनकी स्कूल स्टाफ से तीखी बहस हो गई।
जब विवाद बढ़ा तो स्कूल स्टाफ ने उन्हें परिसर से बाहर जाने को कहा। आरोप है कि जाते समय दोनों ने धमकी दी कि स्कूल की छुट्टी के बाद वे दोबारा लौटेंगे।
छुट्टी के बाद साथियों संग घुसकर हमला
शिकायत के अनुसार, कुछ देर बाद मनोज और सतीश अपने कई साथियों के साथ स्कूल परिसर में जबरन घुस आए। आरोप है कि उन्होंने चेयरमैन वीरेंद्र सिंह और अन्य स्टाफ सदस्यों पर लाठी-डंडों और कुर्सियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से स्कूल में मौजूद शिक्षक, कर्मचारी और बच्चे दहशत में आ गए। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज कब्जे में, आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है।
