रविवार तड़के गुरुग्राम के सेक्टर 29 स्थित एक क्लब के बाहर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। तीन बदमाशों ने पार्टी कर लौटे एक युवक को कार समेत अगवा कर लिया। युवक को हाईवे पर छोड़कर आरोपी उसकी मारुति स्विफ्ट कार लेकर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस की तत्परता से तीनों बदमाशों को उसी रात गिरफ्तार कर लिया गया।

कैसे हुआ वारदात?
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक घटना रविवार सुबह करीब 4:30 बजे की है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह क्लब में पार्टी के बाद अपनी कार में आकर सो गया था, जबकि उसके दोस्त अब भी क्लब में थे। इसी दौरान तीन युवक कार में घुस आए। एक आगे और दो पीछे की सीट पर बैठ गए। उन्होंने शिकायतकर्ता को जबरन पीछे की सीट पर धकेल दिया और कार लेकर निकल पड़े।
हाईवे पर छोड़ा, कार लेकर भागे
आरोपियों ने शिकायतकर्ता को एनएच-48 पर एक शराब की दुकान के पास कार से बाहर फेंक दिया और उसकी मारुति स्विफ्ट कार लेकर फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने टीम गठित कर जांच शुरू की। रविवार रात तक पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई:
• तौफीर (झारखंड) – इंदिरा कॉलोनी के पास पान की दुकान चलाता है।
• आकाश (नूंह) – सैलून में काम करता था।
• आयुष (रोहतक) – सैलून में काम करता था।
तीनों आरोपी करीब 18 साल के हैं और गुरुग्राम की इंदिरा कॉलोनी में किराए पर रह रहे थे।
कार बरामद, आरोपियों से पूछताछ जारी
गुरुग्राम पुलिस ने चोरी हुई मारुति स्विफ्ट कार बरामद कर ली है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने माना कि उन्होंने युवक को कार में अकेले सोते देखा और मौके का फायदा उठाने के लिए अपहरण व चोरी की योजना बनाई थी। वे कार बेचने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते उन्हें पकड़ लिया।
FIR दर्ज
गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरी और अपहरण की धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। मामले की गहन जांच जारी है।
