गुरुग्राम। स्वतंत्रता दिवस से पहले गुरुग्राम से दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों को खासा अलर्ट रहना होगा। दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर सख़्त चेकिंग और भारी सुरक्षा के चलते ट्रैफिक धीमा पड़ गया है। गुरुग्राम के रजोकरी, कापसहेड़ा, घिटोरनी, बजघेड़ा और द्वारका एक्सप्रेसवे बॉर्डर पर पुलिस की पैनी नज़र है।

सुबह ऑफिस जाने वालों की रफ़्तार थमी
गुरुग्राम से दिल्ली रोज़ाना लाखों लोग ऑफिस के लिए जाते हैं, लेकिन सुबह से ही इन बॉर्डर प्वाइंट्स पर गाड़ियों की लंबी कतारें देखी गईं। निजी वाहनों की भी सघन जांच हो रही है, जिसके कारण रूट पर देरी हो रही है।
4500 पुलिस जवानों की तैनाती, हर गाड़ी की जांच
अकेले गुरुग्राम में 4500 पुलिस जवान ड्यूटी पर हैं, जो भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी रख रहे हैं। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं और हर गाड़ी के कागजात, पहचान पत्र और सामान की जांच की जा रही है।

भारी वाहनों का रास्ता दला, KMP एक्सप्रेसवे पर डायवर्ट
दिल्ली में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद है। ट्रक और बड़े कमर्शियल वाहन अब KMP एक्सप्रेसवे से ही रूट बदलकर आगे बढ़ रहे हैं। इससे दिल्ली में भीड़ कम करने और सुरक्षा बढ़ाने में मदद मिल रही है।
गुरुग्राम के लोगों के लिए सलाह
• सुबह या शाम के पीक ऑवर में यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट चेक करें।
• बॉर्डर पर लंबी कतार की संभावना को देखते हुए समय से पहले निकलें।
• अपने साथ जरूरी दस्तावेज़ और पहचान पत्र रखें, ताकि चेकिंग में देरी न हो।
