साइबर सिटी गुरुग्राम में कूड़ा, घुमंतू जानवर और सड़कों के गड्ढों जैसी आम जनता की परेशानियों को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने एक विशेष एक्शन प्लान तैयार किया है। इसके तहत शहर में सफाई व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और खुले में कूड़ा जलाने जैसी गतिविधियों पर सख्ती से निगरानी रखी जाएगी।

राजेश खुल्लर ने हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (HIPA) में दो सत्रों में बैठक ली। पहले सत्र में नगर निगम के पार्षदों ने अपने क्षेत्रों की समस्याओं का विवरण दिया। मेयर राजरानी मल्होत्रा की मौजूदगी में खुल्लर ने पार्षदों की बातों को गंभीरता से सुना और तुरंत समाधान के लिए सुझाव मांगे।
दूसरे सत्र में जिला में तैनात प्रथम श्रेणी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। उन्होंने वर्षा के दौरान हुए हादसों और शिकायतों को लेकर सख्त रुख अपनाया। पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा को निर्देश दिए गए कि भविष्य में किसी हादसे पर संबंधित जेई, एसडीओ और एक्सईएन के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। साथ ही नवंबर तक सभी कर्मचारियों और अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी जाएंगी। अधिकारी फील्ड में जाकर पेड़ों की टहनियां हटाने और उनके सही निपटान का काम करेंगे।
सफाई और निगरानी को लेकर खुल्लर ने नगर निगम और पुलिस अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि बाहर से आने वाले कचरे की गाड़ियों को तुरंत जब्त किया जाए और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। खुले में कूड़ा जलाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई होगी। सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में अलर्ट पर रहेंगे।
राजेश खुल्लर ने बताया कि यह एक्शन प्लान फिलहाल गुरुग्राम में लागू किया जाएगा, और यदि यह सफल हुआ तो इसे पूरे प्रदेश के अन्य शहरों में अपनाया जाएगा। यह योजना गुरुग्राम का अपना “मॉडल ऑफ गवर्नेंस” बनकर उभरेगी।
