गुरुग्राम जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बिलासपुर थाना क्षेत्र में एक मासूम बच्चे का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सात साल के बच्चे के शरीर के कई हिस्से अलग-अलग जगहों से बरामद किए गए हैं। फिलहाल बच्चे की पहचान नहीं हो सकी है।

क्या है पूरा मामला?
बुधवार शाम बिलासपुर थाना क्षेत्र के उदयपुरी गांव के पास केएमपी एक्सप्रेसवे की ग्रीन बेल्ट में झाड़ियों के बीच से बच्चे का सिर और एक पैर का हिस्सा मिला। अनुमान है कि शव के हिस्से 5–6 दिन पुराने हैं और डिकंपोज़ हो चुके थे। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाते हुए शव के हिस्सों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ होगा कि हत्या किस तरह और किन हथियारों से की गई है। पुलिस ने हत्या समेत कई अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे मिली पुलिस को सूचना?
कलवाड़ी गांव के निवासी उमेश ने बुधवार शाम करीब 4 बजे कंट्रोल रूम में फोन कर जानकारी दी कि ग्रीन बेल्ट की झाड़ियों के पास कुछ लोग इकट्ठा हैं और वहां शरीर के टुकड़े पड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
थोड़ी ही देर में एसीपी पटौदी, सीन ऑफ क्राइम टीम, एफएसएल टीम और अन्य जांच अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान झाड़ियों में एक बच्चे का सिर बरामद हुआ। इसके बाद करीब 30 मीटर दूर एक पैर का हिस्सा मिला। पुलिस का मानना है कि बच्चे की हत्या धारदार हथियार से की गई और शव को कई हिस्सों में काटकर आसपास फेंका गया है। बाकी हिस्सों की तलाश जारी है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस बच्चे की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी की रिपोर्ट और CCTV फुटेज खंगाल रही है। आसपास के गांवों में भी पूछताछ चल रही है। फिलहाल हत्यारे और हत्या की वजह को लेकर कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
