गुरुग्राम, 14 अगस्त – गुरुवार को हुई तेज बारिश ने गुरुग्राम में हालात बिगाड़ दिए। बादशाहपुर के नीलकंठ एनक्लेव में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग की दीवार अचानक ढह गई, जिससे आसपास की कई इमारतों में दरारें आ गईं। हादसा इतना जोरदार था कि आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।

मौके पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीमें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 10 इमारतों को खाली करवा दिया और 400 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

इमारतों में दरार, ढहने का खतरा
गुरुग्राम ईस्ट के ACP सुरेंद्र फोगाट ने कहा कि एहतियात के तौर पर प्रभावित इमारतों को खाली कराया गया है, क्योंकि दरारों के कारण उनके ढहने का खतरा है। फिलहाल लोगों के लिए अस्थायी आवास की व्यवस्था की जा रही है।
बिल्डिंग मालिक और ठेकेदार से पूछताछ
प्रशासन ने बताया कि निर्माणाधीन बिल्डिंग के मालिक और ठेकेदार से पूछताछ शुरू हो गई है। सुरक्षा मानकों की जांच भी की जाएगी।
M3M प्रोजेक्ट की बेसमेंट खुदाई के दौरान हादसा
बादशाहपुर के SDM संजेव कुमार ने बताया कि एम3एम कंपनी की बिल्डिंग के बेसमेंट की खुदाई के दौरान दीवार गिर गई। बारिश के कारण जमीन कमजोर हो गई थी, जिससे पास के घरों में दरारें आ गईं।
खतरे वाली इमारतों में प्रवेश पर रोक
प्रशासन ने सभी प्रभावित इमारतों को डेंजर बिल्डिंग घोषित कर दिया है। जब तक इंजीनियर स्ट्रक्चरल ऑडिट कर यह न घोषित कर दें कि बिल्डिंग सुरक्षित है, तब तक किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी।
