गुरुग्राम में दिवाली की रात बनी स्टंट नाइट, युवाओं ने सड़कें बना दीं रेस ट्रैक!

दिवाली की रात जहां पूरा शहर रोशनी और खुशियों में डूबा था, वहीं गुरुग्राम की कुछ सड़कों पर रफ्तार और उत्पात का खतरनाक खेल देखने को मिला। द्वारका एक्सप्रेसवे, बजघेड़ा बॉर्डर, बिजवासन फ्लाईओवर, सोहना रोड और दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर युवाओं ने पटाखों के साथ जानलेवा स्टंट किए, जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं।

पुलिस के सामने ही मचाया उत्पात

कई स्थानों पर पुलिसकर्मी मौजूद होने के बावजूद स्टंटबाजों ने उनकी एक न सुनी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवाओं को बाइक और कारों पर खतरनाक करतब करते, पटाखे जलाते और सड़कों पर रफ्तार भरते देखा जा सकता है।

द्वारका एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर पर चढ़ी स्कॉर्पियो

द्वारका एक्सप्रेसवे पर तो स्थिति और भी भयावह रही। यहां एक स्कॉर्पियो SUV डिवाइडर पर चढ़ गई, जो खतरनाक तरीके से लटक गई। चश्मदीदों के मुताबिक, कुछ युवाओं ने कार की छत पर पटाखे रखकर फोड़े, जिससे अन्य वाहनों के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया। हालांकि, किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

सोहना रोड और एक्सप्रेसवे पर भी स्टंटबाजी

सोहना रोड और दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर भी युवाओं ने बाइक और कारों पर रफ्तार का खेल दिखाया। तेज़ आवाज़ में गाड़ियों के साइलेंसर और पटाखों के धमाकों ने दिवाली की रात को खतरनाक बना दिया।
पुलिस अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच कर रही है और वाहनों के नंबर प्लेट के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

द्वारका एक्सप्रेसवे आरडब्ल्यूए अध्यक्ष यशीश यादव ने कहा

“दिवाली खुशी और एकता का त्योहार है, लेकिन कुछ लोग इसे खतरनाक खेल में बदल रहे हैं। पुलिस को ऐसे मामलों में और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”

पहली बार नहीं, दोहराया गया खतरा

यह कोई पहली बार नहीं है जब गुरुग्राम की सड़कों पर दिवाली की रात स्टंटबाजी और उत्पात देखने को मिला हो। इससे पहले भी कई मौकों पर पुलिस चालान काट चुकी है, लेकिन ऐसा लगता है कि स्टंटबाज अब चालान से भी नहीं डरते।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो

कई युवाओं ने अपने स्टंट के वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए, जिन्हें देखकर लोग भड़क उठे हैं। नागरिकों का कहना है कि पुलिस को न सिर्फ चालान बल्कि कड़ी कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि आने वाले समय में ऐसे हादसे टाले जा सकें।

More From Author

गुरुग्राम में दीवाली पर फायर ब्रिगेड का हाई अलर्ट, जानिए क्यों…

गुरुग्राम में शहीदों की याद में हुआ खास कार्यक्रम, पुलिस कमिश्नर ने किया यह कार्य

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *