गुरुग्राम के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने गुरुग्राम-फरीदाबाद-ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाली नमो भारत ट्रेन परियोजना की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा दिया है। भू-तकनीकी सर्वे पूरा हो चुका है और अब विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का काम शुरू हो गया है। अधिकारियों के मुताबिक, अगले तीन महीने में डीपीआर तैयार कर सरकार को सौंप दी जाएगी।

65 किलोमीटर का नया कॉरिडोर
इस प्रस्तावित रूट की लंबाई करीब 65 किलोमीटर होगी।
- पहला स्टेशन: इफ्को चौक (गुरुग्राम, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर)
- दूसरा स्टेशन: सेक्टर-54, गोल्फ कोर्स रोड, गुरुग्राम
- तीसरा स्टेशन: बाटा चौक, फरीदाबाद
- चौथा स्टेशन: फरीदाबाद सेक्टर-85 और 86 के बीच
- पांचवां स्टेशन: नोएडा सेक्टर-142-168 चौक
- छठा स्टेशन: सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा
इसके अलावा डीपीआर बनने के बाद स्टेशन की संख्या 6 से बढ़कर 9 भी हो सकती है।
रफ्तार और खर्च
नमो भारत ट्रेन का यह कॉरिडोर 180 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तैयार होगा। हर 5 से 7 मिनट पर ट्रेन उपलब्ध होगी। पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 15,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
अरावली से होकर गुजरेगी ट्रेन
यह ट्रेन लगभग 3 किलोमीटर अरावली पर्वतमाला से होकर गुजरेगी। इसमें एक रास्ता अंसल यूनिवर्सिटी के पास और दूसरा घाटा गांव के पास से तय किया गया है। ग्वाल पहाड़ी के पास ट्रेन अरावली से बाहर आएगी।
इंटरचेंज की सुविधा
- इफ्को चौक पर नमो भारत का इंटरचेंज बनेगा, जहां से दिल्ली-गुरुग्राम-नीमराना कॉरिडोर जुड़ेगा।
- ग्रेटर नोएडा (सूरजपुर) पर गाजियाबाद-जेवर एयरपोर्ट परियोजना से इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी।
क्या होगा फायदा?
यह ट्रेन चालू होने के बाद गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच यात्रियों का सफर न सिर्फ तेज़ बल्कि आसान हो जाएगा। मेट्रो और रोडवेज पर बढ़ते दबाव को कम करने में यह परियोजना अहम भूमिका निभाएगी।
