गुरुग्राम के बादशाहपुर इलाके में वर्षों से चली आ रही गैंगस्टर दबंगई पर आखिरकार प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। कुख्यात अपराधी नरेंद्र उर्फ टिल्लू और उसके भाई रवि द्वारा नगर निगम की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को सोमवार को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
नगर निगम गुरुग्राम (MCG) और बादशाहपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 3400 गज सरकारी जमीन को मुक्त कराया गया, जिस पर दोनों भाई पिछले कई सालों से अवैध रूप से व्यवसाय चला रहे थे।
रेहड़ियों से लाखों की अवैध वसूली
जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने श्मशान घाट के सामने स्थित इस जमीन पर कब्जा कर रेहड़ियां लगवा रखी थीं। यहां से हर महीने कई लाख रुपये किराया और वसूली की जा रही थी। स्थानीय लोग लंबे समय से इस कब्जे से परेशान थे, लेकिन अपराधियों के खौफ के चलते कोई खुलकर सामने नहीं आ रहा था।
पांच साल से ज्यादा समय से कब्जा
यह अवैध कब्जा खसरा नंबर 39/24 की नगर निगम भूमि पर किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार यह जमीन कम से कम 5 वर्षों से ज्यादा समय से अपराधियों के कब्जे में थी और इसका इस्तेमाल पूरी तरह व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
SHO का साफ संदेश – अपराध से कमाई तो बुलडोजर तय
बादशाहपुर थाना प्रभारी विजयपाल ने कहा कि हरियाणा पुलिस अब अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर सीधी चोट कर रही है।
उन्होंने कहा,
“जो लोग अपराध की कमाई से संपत्ति बनाते हैं, उनकी अवैध इमारतें गिराई जाएंगी। यह अपराधियों के लिए अंतिम चेतावनी है।”
टिल्लू गैंग का सरगना है नरेंद्र
पुलिस के अनुसार नरेंद्र उर्फ टिल्लू एक आदतन और संगठित अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट, जुआ, शराब तस्करी सहित 13 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं। वर्ष 2012 से अब तक उसकी आपराधिक गतिविधियां लगातार दर्ज होती रही हैं। आरोपी का नाम कुख्यात टिल्लू गैंग से जुड़ा हुआ है।
भाई रवि भी कम नहीं
नरेंद्र का भाई रवि भी अपराध की दुनिया में गहराई तक जुड़ा हुआ है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और अन्य संगीन धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे थाना बदशाहपुर का BC (बदचलन अपराधी) घोषित कर रखा है।
हाई रिस्क कैटेगरी में दर्ज नाम
जिला पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी हाई रिस्क अपराधियों की सूची में शामिल हैं। उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और पूर्व में भी उनके खिलाफ कई बार कार्रवाई की जा चुकी है।
जमीन खाली कर बैरिकेडिंग
बुलडोजर कार्रवाई के बाद प्रशासन ने जमीन को खाली कर बैरिकेडिंग कर दी है ताकि दोबारा कब्जा न हो सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में ऐसे और अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
