गुरुग्राम के अंबेडकर नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महज़ ‘धीरे चलाओ’ कहने पर 67 वर्षीय बुज़ुर्ग अशोक की जान ले ली गई।
ये वारदात 29 जून की रात की है। अशोक रोज़ की तरह खाना खाकर टहलने निकले थे। तभी एक युवक तेज़ रफ्तार बाइक पर उनके पास से गुज़रा। अशोक ने सिर्फ़ इतना कहा — “धीरे चलाओ”… और अगले ही पल सब कुछ बदल गया।

बाइक सवार युवक ने यह बात सुनते ही गुस्से में आकर बाइक मोड़ी और वापस आकर लोहे की रॉड से बुज़ुर्ग अशोक के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण अशोक वहीं गिर पड़े।
उन्हें तुरंत गुरुग्राम के सेक्टर-10 के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत गंभीर होने पर सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि अशोक बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। 12 जुलाई को इलाज के दौरान अशोक की मौत हो गई।
अब यह मामला हत्या में बदल चुका है। गुरुग्राम पुलिस ने जांच तेज की तो आरोपी की पहचान फिरोज अहमद (उम्र 25 साल) के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है।

13 जुलाई को पुलिस टीम ने आरोपी फिरोज को बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश कर उसे 2 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस पूछताछ में फिरोज ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि उसे गुस्सा आ गया था और उसने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। लेकिन उसकी ये एक ‘ग़लती’ एक परिवार को पूरी तरह तोड़ चुकी है।
पुलिस अब इस केस की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में और कौन शामिल था या कोई गवाह मौजूद था।
