गुरुग्राम नगर निगम ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से सड़कों के किनारे पड़े मलबे और कूड़े को हटाने का विशेष अभियान शुरू किया है। निगम की स्वच्छता टीमें मुख्य सड़कों, गलियों, सार्वजनिक स्थलों, गार्बेज वर्नेबल प्वाइंटों और सेकेंडरी कचरा कलेक्शन प्वाइंटों से धूल-मिट्टी और कूड़े का उठान कर रही हैं।

सोमवार को निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर स्थित सर्विस लेन का निरीक्षण किया। उन्होंने राजीव चौक से शंकर चौक तथा शंकर चौक से हीरो होंडा चौक तक सफाई कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य चौराहों पर मौजूद रेहड़ी-पटरी, खोखे आदि के अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए और सर्विस लेन पर पड़े कूड़े व मलबे की सफाई सुनिश्चित की जाए।
निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य मुख्य सड़कों पर किसी भी प्रकार का कूड़ा या मलबा दिखाई नहीं देना चाहिए।
सफाई व्यवस्था की समीक्षा के लिए निगम के संयुक्त आयुक्त भी फील्ड में सक्रिय रहे।
- डॉ. नरेश कुमार ने जोन-1
- विशाल कुमार ने जोन-2
- डॉ. जयवीर यादव ने जोन-3
- और रविंद्र मलिक ने जोन-4 क्षेत्र का निरीक्षण किया।
इन अधिकारियों ने फील्ड टीमों के साथ मिलकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि सभी संयुक्त आयुक्तों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रतिदिन अपने-अपने जोन में मौजूद रहें और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकों के सहयोग से गुरुग्राम को स्वच्छ, प्रदूषण मुक्त और सुंदर शहर बनाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
