अगर आप नौकरी की तलाश कर रहे हैं या अप्रेंटिसशिप के जरिए अपने करियर की शुरुआत करना चाहते हैं, तो गुरुग्राम में आपके लिए बड़ा मौका आने वाला है। कब और कहाँ होगा जिला स्तरीय मेगा जॉब फेयर ? इस रोजगार मेले में 600 युवाओं को ऑफर लेटर देने का लक्ष्य रखा गया है।

कब और कहाँ लगेगा रोजगार मेला?
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), गुरुग्राम के प्राचार्य रविंद्र यादव ने बताया कि रोजगार मेले का आयोजन 26 अक्टूबर को सुबह 9 बजे किया जाएगा। हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस मेले में विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों और कंपनियों के प्रतिनिधि पहुंचेंगे, जो युवाओं की योग्यता, तकनीकी कौशल और संबंधित ट्रेड के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी करेंगे।
किन युवाओं को मिलेगा मौका?
इस रोजगार मेले में राजकीय और निजी ITI, पॉलिटेक्निक संस्थानों के विद्यार्थियों के साथ अन्य शैक्षणिक संस्थानों के युवा भी हिस्सा ले सकेंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार के साथ-साथ अप्रेंटिसशिप के अधिक अवसर उपलब्ध करवाना है। मेले में शामिल होने वाले युवाओं को अपनी योग्यता और कौशल के अनुसार कंपनियों में चयन का अवसर मिल सकता है।
कौन से दस्तावेज है जरूरी
रोजगार मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ ये जरूरी दस्तावेज लेकर जाने चाहिए:
– बायोडाटा या रिज्यूमे
– शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण-पत्र
– तकनीकी योग्यता के प्रमाण-पत्र
– आधार कार्ड
– अन्य जरूरी दस्तावेज
