कार चल रही थी, तभी बोनट से अचानक काला धुआं निकलने लगा! देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही पलों में चलती मारुति स्विफ्ट कार आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि ड्राइवर ने समय रहते कार रोककर बाहर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।

कहाँ हुई घटना?
यह घटना दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) पर बिलासपुर के पास हुई, जहां जलती कार को देखकर हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारुति स्विफ्ट कार दिल्ली से जयपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही कार बिलासपुर चौक के पास पहुंची, उसके इंजन वाले हिस्से से अचानक गाढ़ा काला धुआं निकलने लगा। ड्राइवर कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत कार रोकी और बाहर निकल गया। उसकी सूझबूझ के कारण बड़ा हादसा टल गया।

पहले से धीमा था ट्रैफिक, जलती कार देखकर मची अफरा-तफरी
बिलासपुर में फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चलने के कारण हाईवे पर पहले से ही वाहनों की रफ्तार धीमी थी। इसी दौरान सड़क पर कार में आग लगने से पीछे आ रहे वाहनों की कतारें लग गईं। जलती कार को देखकर वाहन चालकों में भी हलचल मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
दमकल ने बुझाई आग, लेकिन पूरी कार जल गई
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटवाया, ताकि यातायात को दोबारा सामान्य किया जा सके।
किस कारण लगी आग
शुरुआती जांच में कार में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। गाड़ियों में अनधिकृत वायरिंग, बदलाव या इलेक्ट्रिकल सिस्टम में खराबी भी आग लगने का कारण बन सकती है। इसलिए वाहन चालकों को समय-समय पर अपनी गाड़ी की जांच करवानी चाहिए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में चालक सुरक्षित बच गया।
