दिवाली पर पटाखे खरीदने बाजार जाने की तैयारी कर रहे हैं? जरा संभल जाइए! गुरुग्राम में अब पटाखों की दुकानों से लेकर गोदामों तक पुलिस की पैनी नजर रहने वाली है। कहीं भी अवैध पटाखे बेचते या छिपाकर रखते मिले तो कार्रवाई हो सकती है। इसके लिए पुलिस ने एक-दो नहीं, बल्कि पूरी 53 टीमें मैदान में उतार दी हैं।

अवैध पटाखों के लिए अभियान शुरू
दरअसल, दिवाली के त्योहार को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने अवैध पटाखों की बिक्री, भंडारण और सप्लाई रोकने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत थाना स्तर से लेकर सहायक पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त स्तर तक कुल 53 विशेष टीमों का गठन किया गया है। इतना ही नहीं, अपराध शाखाओं की टीमें भी अपने-अपने इलाकों में लगातार चेकिंग कर रही हैं।
पुलिस की ये टीमें बाजारों, पटाखों की दुकानों, गोदामों और उन जगहों पर जांच कर रही हैं, जहां अवैध पटाखे रखे या बेचे जाने की आशंका है। अगर कहीं भी नियमों का उल्लंघन मिलता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कितने दिन तक चलेगा अभियान ?
गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, यह विशेष चेकिंग अभियान 8 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। सभी थाना प्रभारी और संबंधित अधिकारी आपसी तालमेल के साथ इस अभियान को चला रहे हैं। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अवैध पटाखों की खरीद-बिक्री और भंडारण से दूर रहें। अगर कहीं अवैध पटाखों का कारोबार दिखाई देता है तो इसकी सूचना पुलिस को दें।
