गुरुग्राम। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने रविवार को बसई-धनकोट मार्ग का औचक निरीक्षण किया। करीब एक घंटे तक पैदल चलकर सड़क की खस्ताहाल स्थिति देखी और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुधारीकरण कार्य तुरंत शुरू किया जाए।

सड़क और पुल निर्माण पर फोकस
उपायुक्त अजय कुमार ने जानकारी दी कि बसई-धनकोट मार्ग का निर्माण पीडब्ल्यूडी करेगा। अगले हफ्ते इस सड़क के लिए 5 करोड़ का टेंडर खुलने वाला है। वहीं गांव धनकोट से गुजरने वाली केनाल पर 2.5 करोड़ की लागत से नया पुल भी बनेगा।
बैठक में उठे शहर के बड़े मुद्दे
निरीक्षण से पहले खुल्लर ने विश्राम गृह में जीएमडीए, नगर निगम और जिला प्रशासन के साथ बैठक की। बैठक में जलभराव, कूड़ा प्रबंधन, आवारा पशु और सड़कों की हालत जैसे मुद्दों पर तेजी से काम करने के आदेश दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि गुरुग्राम के लिए व्यापक ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। शॉर्ट टर्म प्लान में पंपिंग मशीनें, पाइप सफाई और रिचार्ज कुएं, जबकि लॉन्ग टर्म प्लान में वर्षा जल संचयन और तालाबों का पुनर्जीवन शामिल है।
सीवेज ट्रीटमेंट क्षमता होगी दोगुनी
फिलहाल गुरुग्राम की सीवेज शोधन क्षमता 408 MLD है। इसे 2028 तक 950 MLD करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए बजघेड़ा धनवापुर, बहरामपुर, सेक्टर-78 व 107 में नए एसटीपी बनाए जा रहे हैं।
दिसंबर तक मेडिकल कॉलेज का तोहफा
खुल्लर ने श्रीमाता शीतला देवी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के निर्माण कार्य की प्रगति भी देखी। 550 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह प्रोजेक्ट दिसंबर 2025 तक तैयार होगा। इसमें ट्रॉमा सेंटर, हॉस्टल, अस्पताल और नर्सिंग ब्लॉक शामिल होंगे।
आवारा पशुओं पर सख्ती
खुल्लर ने सड़कों पर घूमते पशुओं को लेकर चिंता जताई और आदेश दिए कि इन्हें पकड़कर कामधेनु गोशाला व नंदिशाला भेजा जाए।
इस मौके पर मंडल आयुक्त आरसी बिढ़ान, जीएमडीए सीईओ श्यामल मिश्रा, नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
