गुरुग्राम के इस वार्ड में अचानक क्यों पहुंचीं मेयर ?

गुरुग्राम में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने अब फील्ड में एक्टिविटी बढ़ा दी है। शुक्रवार को वार्ड नंबर-21 में अचानक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। खास बात ये रही कि इस अभियान का नेतृत्व खुद मेयर राजरानी मल्होत्रा ने किया। इस दौरान स्थानीय लोगों के साथ जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने भी सफाई अभियान में हिस्सा लिया।

अभियान का मकसद सिर्फ सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों को भी अपने आसपास का इलाका साफ रखने के लिए जागरूक करना रहा। लोगों से सार्वजनिक जगहों पर कूड़ा न फेंकने और नगर निगम की सफाई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई।

मेयर ने लोगों से की अपील
मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि गुरुग्राम को साफ रखने के लिए सिर्फ नगर निगम की टीमों का काम करना काफी नहीं है। इसमें लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। वार्ड स्तर पर ऐसे अभियान चलाने से लोगों में सफाई को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और मिलकर बेहतर माहौल बनाया जा सकेगा। इस दौरान निगम पार्षद सोनिया यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, जिला महामंत्री अजीत यादव, वजीराबाद मंडल अध्यक्ष पवन यादव समेत स्थानीय लोग मौजूद रहे।

कहां पहुंची निगम की टीमें
इसी दौरान नगर निगम के अधिकारियों ने बादशाहपुर तालाब का भी निरीक्षण किया। अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी ने संयुक्त आयुक्त सपना यादव और पार्षद ज्योति जैलदार के साथ नव-जीर्णोद्धार किए गए बादशाहपुर तालाब का दौरा किया। अधिकारियों ने यहां चल रहे सफाई कार्यों का जायजा लिया और स्वच्छता अभियान में लगी NGO की टीम से भी बातचीत की। टीम से तालाब परिसर में किए जा रहे सफाई कार्यों और मौजूदा व्यवस्था की जानकारी ली गई।

तालाब की सफाई पर भी नजर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तालाब क्षेत्र की साफ-सफाई और उसे व्यवस्थित बनाए रखने पर ध्यान दिया। नगर निगम की ओर से अलग-अलग इलाकों में ऐसे विशेष अभियान और फील्ड निरीक्षण किए जा रहे हैं, ताकि सफाई व्यवस्था को बेहतर किया जा सके। नगर निगम का जोर अब सिर्फ सफाई अभियान चलाने पर ही नहीं, बल्कि लोगों को भी इस मुहिम से जोड़ने पर है। वार्ड स्तर पर होने वाले इन अभियानों के जरिए लोगों को अपने आसपास सफाई रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

More From Author

गुरुग्राम में चलेंगी नई बसें कब और किन रूटों पर ?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *