गुरुग्राम के सेक्टर-10 में डिलीवरी बॉय पर हुए बर्बर हमले मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें 7–8 युवक डिलीवरी बॉय को लाठी, डंडों और कुल्हाड़ी से बेरहमी से पीटते दिख रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित उर्फ जिंदल, निकेश कुमार, रोहित राघव, और अनिकेत उर्फ मोंटी के रूप में हुई है। पुलिस सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
कार से टक्कर मारकर गिराया, फिर घेरकर किया हमला
पीड़ित अभिषेक, जो एक डिलीवरी एजेंसी में काम करता है, ने पुलिस को बताया कि 22 नवंबर को वह सेक्टर-10 में अपनी बाइक स्टार्ट कर रहा था। तभी एक टाटा टियागो कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के तुरंत बाद कार में बैठे युवक और दो बाइक पर आए अन्य लड़के उस पर टूट पड़े और लाठी, डंडे, कुल्हाड़ी और ईंटों से हमला कर उसे अधमरा कर दिया।

वारदात के दौरान किसी राहगीर ने वीडियो बना लिया, जो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई।
घायल को रेफर कर मैट अस्पताल में भर्ती किया गया
हमले की सूचना मिलते ही अभिषेक का भाई मौके पर पहुंचा और उसे सरकारी अस्पताल ले गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया, जिसके बाद परिजनों ने उसे मैट अस्पताल, रामपुरा चौक सेक्टर-78 में भर्ती कराया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुरानी रंजिश निकली वजह
क्राइम ब्रांच की जांच में खुलासा हुआ कि कुछ दिन पहले इलाके में हुए एक झगड़े के दौरान अभिषेक ने आरोपी रोहित उर्फ जिंदल के पिता को गाली-गलौज की थी। इसी बात की रंजिश रखते हुए रोहित ने अपने दोस्तों को बुलाया और पूरी योजना बनाकर हमला कर दिया। इस मामले में एक अन्य आरोपी योगेश उर्फ निक्कू को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
क्राइम ब्रांच ने होडल-पलवल से दबोचा
सेक्टर-40 क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी सर्विलांस और लगातार छापेमारी के बाद आरोपियों को होडल और पलवल से पकड़ा। पुलिस अब हथियारों, वारदात स्थल और वायरल वीडियो को लेकर आगे की पूछताछ करेगी।
