मानेसर सोसायटी में सुबह-सुबह मचा बवाल, शिवलिंग को लेकर…

मानेसर नगर निगम क्षेत्र के सेक्टर-85 स्थित पिरामिड हाइट्स सोसायटी में सोमवार सुबह उस समय हंगामा मच गया, जब बिल्डर के बाउंसरों पर शिवलिंग हटाने का आरोप लगा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बाउंसरों ने पूजा कर रहे लोगों के साथ हाथापाई की और अस्थायी मंदिर में रखे शिवलिंग को खंडित करने की कोशिश की।

इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग अस्थायी मंदिर में शिवलिंग के साथ छेड़छाड़ करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कैसे शुरू हुआ विवाद

सोसायटी निवासियों के मुताबिक, पिछले सोमवार को लोगों ने अपने स्तर पर शिवलिंग की स्थापना की थी। यहां कोई स्थायी मंदिर नहीं था, लेकिन बिल्डर प्रबंधन ने इस पर आपत्ति जताई। सोमवार तड़के करीब 4 बजे, प्रबंधन के बाउंसरों ने पूजा के दौरान पहुंचकर शिवलिंग हटाने का प्रयास किया, जिससे माहौल गरमा गया।

धरने पर बैठे लोग

हाथापाई और विवाद के बाद आक्रोशित निवासी सोसायटी परिसर में धरने पर बैठ गए और बिल्डर व सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि यह मामला धार्मिक भावनाओं से जुड़ा है और प्रशासन को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए।

बिल्डर का पक्ष

सोसायटी प्रबंधक अनूप यादव ने निवासियों के आरोपों को बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि “हमारी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। इसकी शिकायत पहले ही दी जा चुकी है। इन्होंने दो दिन में शिवलिंग हटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब पीछे हट गए हैं।”

मामला प्रशासन तक जाएगा

निवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। फिलहाल मामला थमने के बजाय और गरमाता दिख रहा है।

More From Author

थाने में हंगामा, गाड़ी तोड़ी… गुरुग्राम पुलिस पर किन्नरों के सनसनीखेज आरोप

गुरुग्राम में मीट की दुकान से निकला नशे का अड्डा!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *