नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले ब्रोकर को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आर्थिक अपराध शाखा-एक (EOW-1) की टीम ने आरोपी को दिल्ली एयरपोर्ट से उस समय पकड़ा, जब वह देश छोड़कर भागने की कोशिश में था। आरोपी की पहचान कोलकाता निवासी रवि चौहान (45) के रूप में हुई है, जो एक फर्जी ब्रोकिंग कंपनी का डायरेक्टर बताया जा रहा है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पीड़ित को 20 हजार एनएसई शेयर दिलाने का झांसा दिया था। इस सौदे के बदले पीड़ित से 4 करोड़ 49 लाख रुपये ले लिए गए, लेकिन न तो शेयर दिए गए और न ही रकम लौटाई गई।
निवेश का झांसा देकर ठगी की पूरी योजना
पीड़ित, जो गुरुग्राम में इन्वेस्टमेंट से जुड़ी दो कंपनियों का मालिक है, ने सेक्टर-29 डीएलएफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 17 जुलाई को आरोपी की कंपनी के खाते में करोड़ों रुपये ट्रांसफर किए गए थे। इसके बाद आरोपी ने फर्जी सेटलमेंट दिखाकर पीड़ित को भरोसे में रखा, लेकिन समय बीतने के बाद भी जब शेयर नहीं मिले तो ठगी का खुलासा हुआ।
2016 से चला रहा था ब्रोकिंग कंपनी, घाटे में डूबने के बाद बना ठग
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2016 से कल्पतरू शेयर एंड स्टॉक ब्रोकिंग प्राइवेट लिमिटेड नाम से कंपनी चला रहा था। कारोबार में भारी नुकसान होने के बाद उसने निवेशकों से धोखाधड़ी कर पैसे जुटाने की योजना बनाई।
पुलिस रिमांड पर आरोपी, नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। अब यह भी जांच की जा रही है कि इस ठगी में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और क्या इस तरीके से अन्य लोगों को भी निशाना बनाया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
