दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर स्थित शंकर चौक पर लंबे इंतजार के बाद पैदल यात्रियों के लिए बनाए गए सबवे को खोल दिया गया है। करीब डेढ़ साल से निर्माणाधीन यह सबवे अब पूरी तरह तैयार है और फिलहाल पैदल यात्रियों के उपयोग के लिए शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही इसका औपचारिक उद्घाटन भी किया जाएगा।

सबवे के दोनों ओर पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था की गई है, जिससे बुजुर्गों, दिव्यांगों और महिलाओं को सड़क पार करने में आसानी होगी। डीएलएफ फाउंडेशन द्वारा डीएलएफ फेज-3 और साइबर पार्क के बीच बनाए गए इस सबवे में बेहतर लाइटिंग, आधुनिक फॉल सीलिंग और सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
हर साल जाती थीं कई जानें
शंकर चौक दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे का सबसे व्यस्त हिस्सा माना जाता है। यहां रोजाना लाखों वाहन गुजरते हैं। सुबह और शाम के पीक आवर में अक्सर भारी जाम की स्थिति बन जाती थी। चौक के दोनों ओर बड़ी संख्या में कॉरपोरेट ऑफिस और आईटी कंपनियां हैं, जहां हजारों कर्मचारी काम करते हैं।
अब तक पैदल यात्रियों के लिए यहां न तो फुटओवर ब्रिज था और न ही अंडरपास। ऐसे में नौकरीपेशा लोगों को जान जोखिम में डालकर सड़क पार करनी पड़ती थी। इससे न केवल यातायात बाधित होता था, बल्कि हर साल कई गंभीर सड़क हादसे भी होते थे।
सबवे से जाम और हादसों पर लगेगी लगाम
सबवे शुरू होने से अब पैदल यात्रियों को सड़क पर उतरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारु रहेगा और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। बीते दिनों ट्रैफिक पुलिस, डीसीपी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सबवे का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था।
जल्द होगा आधिकारिक उद्घाटन
एसीपी ट्रैफिक हाईवे व हेडक्वार्टर सत्यपाल यादव ने बताया कि शंकर चौक पर बने सबवे को पैदल यात्रियों के लिए खोल दिया गया है। इसके उपयोग से सड़क हादसों में कमी आएगी और जाम की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलेगी। सभी सुविधाओं की जांच की जा चुकी है और जल्द ही इसका आधिकारिक उद्घाटन किया जाएगा।
