गुरुग्राम में ट्रैक्टर और स्कूल बस की लापरवाही से गई मासूम की जान

गुरुग्राम जिले के धनोकरी गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। स्कूल बस का इंतजार कर रही 6 साल की मासूम यंशिका की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बच्ची बस के नीचे जा गिरी और बस के आगे व पीछे दोनों टायर उसके ऊपर से गुजर गए।

हादसे की दर्दनाक कहानी

मृतक बच्ची यंशिका, रेवाड़ी के कापड़ीवास गांव स्थित विराट इंटरनेशनल स्कूल की यूकेजी कक्षा में पढ़ती थी। सोमवार सुबह वह रोज की तरह यूनिफॉर्म पहनकर घर के बाहर बस का इंतजार कर रही थी।
इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर वहां से गुजरा और उसने यंशिका को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क के दूसरी ओर गिर गई, जहां सामने से आ रही स्कूल बस ने उसे कुचल दिया।

हादसे के बाद आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और चीख-पुकार मच गई।

पिता ने गोद में उठाकर पहुंचाया अस्पताल

यंशिका के पिता रवि ने बताया कि हादसा होते ही उन्होंने बेटी को गोद में उठाकर पास के निजी अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया।
डॉक्टरों के मुताबिक, बच्ची का एक साइड का हिस्सा पूरी तरह से कुचल चुका था।

यूनिफॉर्म पहनकर मुस्कुरा रही थी यंशिका

मां निशा ने बताया कि यंशिका रोजाना बड़ी खुशी से स्कूल जाने की तैयारी करती थी। सोमवार सुबह भी वह मुस्कुराते हुए नहा-धोकर यूनिफॉर्म पहनी और बस का इंतजार करने बाहर खड़ी हुई थी।
लेकिन कुछ ही मिनटों में परिवार की दुनिया उजड़ गई। यंशिका अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और सबकी लाड़ली थी।

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू

बिलासपुर थाना पुलिस को हादसे की सूचना अस्पताल से मिली।
जांच अधिकारी रमेश ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और घटनास्थल के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल ट्रैक्टर चालक और बस चालक दोनों के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने कहा कि दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

गांव में पसरा मातम

यंशिका की मौत से पूरे धनोकरी गांव और स्कूल में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। स्कूल प्रशासन ने भी घटना पर दुख जताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।




More From Author

गुरुग्राम की सड़कों पर अब पुलिस नहीं काटेगी चालान, जानिए क्यो ?

कहीं कैमरा तो कहीं पुलिस… जानिए अब कैसे होगा आपका चालान!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *