नगर निगम गुरुग्राम ने मंगलवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-29 स्थित शहर के प्रसिद्ध अप्पू घर एम्यूजमेंट पार्क को सील कर दिया। यह कदम प्रॉपर्टी टैक्स के 7 करोड़ 43 लाख 50 हजार 299 रुपए के भारी बकाया के चलते उठाया गया है।

नगर निगम के अनुसार, पार्क संचालित करने वाली कंपनी इंटरनेशनल रिक्रिएशन एंड एम्यूजमेंट लिमिटेड को कई बार नोटिस भेजे गए, लेकिन उसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया। इसी आधार पर निगम की टीम जोनल टैक्सेशन अधिकारी बी.एस. छोक्कर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पार्क को सील कर दिया गया।
टैक्स भुगतान में अब लापरवाही नहीं चलेगी
नगरायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर में टैक्स अनुशासन को सख्ती से लागू करना है। बार-बार नोटिस के बावजूद राशि जमा न होने पर यह कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि टैक्स भुगतान में लापरवाही बरतने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

बकाया संपत्तियों पर जारी रहेगी कार्रवाई
निगमायुक्त ने बताया कि जिन संपत्तियों पर टैक्स बकाया है, उन सभी के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगामी समय में भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स से प्राप्त राजस्व का उपयोग शहर के विकास कार्यों, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में किया जाता है।
चलाए जाएंगे विशेष वसूली अभियान
नगर निगम अब टैक्स वसूली अभियान को और तेज करेगा। निगम ने सभी टैक्सदाताओं से अपील की है कि वे समय पर टैक्स जमा कर शहर के विकास में अपना सहयोग दें।
