मिलेनियम सिटी की सड़कों पर उड़ती धूल और बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण GMDA शहर की 15 प्रमुख सड़कों का नया डिजाइन तैयार करवाने जा रहा है।

इसके लिए हरियाणा सरकार ने स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर SPA के साथ समझौता किया है, जो इन सड़कों का वैज्ञानिक और आधुनिक डिजाइन तैयार करेगा।
15 दिन में तैयार होगी सड़कों की सूची
GMDA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी. सी मीणा अधिकारियों को निर्देश दिए है कि 15 मुख्य सड़कों की सूची अगले 15 दिनों के भीतर तैयार कर SPA को भेजा जाए। इसके बाद डिजाइन तैयार होने पर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कच्चे किनारों पर लगेगी रोक
फिलहाल शहर की कई सड़कों के किनारे कच्चा क्षेत्र छोड़ा गया है, जहां से गुजरने वाले वाहनों के कारण भारी मात्रा में धूल उड़ती है। यह धूल प्रदूषण का बड़ा कारण बन रही है।
नई योजना के तहत सड़कों के किनारे कच्चा हिस्सा खत्म किया जाएगा, जिससे धूल उड़ने की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सके।
SPR और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर सबसे ज्यादा असर
सड़कों पर उड़ती धूल को लेकर हाल ही में साउदर्न पेरिफेरल रोड SPR पर पर्यावरणविदों ने प्रदर्शन भी किया था। उनका कहना था कि गुरुग्राम में प्रदूषण का एक बड़ा कारण सड़क किनारे की धूल है।
गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर भी यही स्थिति देखने को मिलती है, जहां मुख्य सड़क के दोनों तरफ 8-9 फीट तक कच्चा क्षेत्र है। ट्रक और अन्य वाहन इस हिस्से का उपयोग करते हैं, जिससे लगातार धूल उड़ती रहती है।
पर्यावरण सुधार की दिशा में बड़ा कदम
नई डिजाइनिंग के जरिए न सिर्फ सड़कों की गुणवत्ता सुधरेगी, बल्कि शहर में प्रदूषण स्तर को कम करने में भी मदद मिलेगी। यह योजना गुरुग्राम को साफ और बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
अधिकारियों का बयान
GMDA के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा के अनुसार, “15 मुख्य सड़कों की पहचान की जा रही है। सूची को जल्द अंतिम रूप देकर मंजूरी के बाद SPA को भेजा जाएगा, ताकि डिजाइनिंग का काम शुरू हो सके।”
