गुरुग्राम की व्यस्त सड़कों पर एक बार फिर लापरवाही का खतरनाक मामला सामने आया है। शहर की प्रमुख सड़कों में शामिल गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर एक कार ड्राइवर द्वारा बीच सड़क पर स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ट्रैफिक सिग्नल पर अचानक शुरू हुआ स्टंट
घटना आज सुबह करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। उस समय ट्रैफिक सिग्नल पर सामान्य आवाजाही चल रही थी, लेकिन अचानक एक लग्जरी कार चालक ने बीच सड़क पर ड्रिफ्टिंग शुरू कर दी।
यह कोई सुनसान सड़क या स्टंट जोन नहीं था, बल्कि लाइव ट्रैफिक के बीच यह खतरनाक हरकत की गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
ड्राइवरों ने रोके वाहन, टला बड़ा हादसा
कार चालक के खतरनाक स्टंट को देखकर पीछे आ रहे अन्य वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक लिए।
एक कार ड्राइवर ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में दिखी लापरवाही की हद
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ड्राइवर सड़क को मानो अपनी निजी रेस ट्रैक समझकर बार-बार कार को घुमावदार तरीके से स्लाइड कर रहा है।
कार तेज रफ्तार में ड्रिफ्ट करते हुए घूम रही थी, जिससे आसपास चल रहे लोगों और वाहनों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई।
जरा सी गलती भी बड़ा हादसा कर सकती थी।
नंबर प्लेट छिपाकर किया स्टंट
चौंकाने वाली बात यह है कि कार की नंबर प्लेट जानबूझकर छिपाई गई थी, जिससे ड्राइवर की पहचान न हो सके।
प्राथमिक तौर पर यह मामला लापरवाही से ज्यादा “शौकिया स्टंटबाजी” का प्रतीत हो रहा है।
पहले भी हो चुके हैं कई हादसे
गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड गुरुग्राम की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है, जहां सुबह से देर रात तक भारी ट्रैफिक रहता है।
इस रोड पर पहले भी ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में ड्राइविंग और अनियंत्रित वाहनों के कारण कई हादसे हो चुके हैं।
ऐसे में इस तरह की स्टंटबाजी पूरे ट्रैफिक सिस्टम के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है।
पुलिस ने लिया संज्ञान
मामले को लेकर पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आ गया है।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और इस तरह की खतरनाक हरकतों से बचें।
