हरियाणा में 1 अप्रैल से टोल टैक्स देने वाले वाहन चालकों को ज्यादा खर्च करना पड़ेगा। National Highways Authority of India (NHAI) ने टोल दरों में 4 से 5 फीसदी तक बढ़ोतरी का फैसला लिया है। इसका सीधा असर दिल्ली–गुरुग्राम एक्सप्रेसवे (NH-48) पर पड़ने वाला है, जहां सबसे व्यस्त खेड़की दौला टोल प्लाजा पर टोल दरों में 5 से 25 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।

छह महीने में दूसरी बार बढ़े टोल रेट
गौरतलब है कि इससे पहले नवंबर 2025 में भी टोल दरों में करीब 15 रुपये तक का इजाफा किया गया था। अब महज छह महीने के भीतर दूसरी बार बढ़ोतरी होने से दैनिक यात्रियों और कमर्शियल वाहन चालकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
FASTag अनिवार्य, कैश भुगतान पूरी तरह बंद
नई व्यवस्था के तहत टोल प्लाजा पर अब नकद भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। केवल FASTag या डिजिटल पेमेंट के माध्यम से ही टोल लिया जाएगा।
साथ ही FASTag वार्षिक पास की फीस भी 3000 रुपये से बढ़ाकर 3075 रुपये कर दी गई है।

हालांकि अधिकारियों का दावा है कि इस फैसले से टोल प्लाजा पर लंबी कतारों में कमी आएगी और यातायात सुचारू होगा, लेकिन छोटे वाहन चालकों के लिए डिजिटल भुगतान को अपनाना एक चुनौती बन सकता है।
रोजाना 70 हजार वाहन गुजरते हैं
खेड़की दौला टोल प्लाजा दिल्ली–जयपुर एक्सप्रेसवे का एक अहम हिस्सा है। यहां से प्रतिदिन औसतन 70 हजार वाहन गुजरते हैं, जिनमें निजी कारें, ट्रक, बसें और अन्य व्यावसायिक वाहन शामिल हैं।
वर्तमान में इस टोल प्लाजा से हर साल करीब 200 करोड़ रुपये की वसूली होती है। नई दरें लागू होने के बाद इस आंकड़े में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
किन वाहनों पर कितना असर
जानकारी के अनुसार:
- हल्के वाहनों (कार आदि) पर औसतन 5 रुपये की बढ़ोतरी
- भारी और ओवरसाइज वाहनों पर 25 रुपये तक की बढ़ोतरी
टोल टैक्स गुरुग्राम समेत प्रदेश भर के तमाम टोल प्लाजा पर टैक्स बढ़ने वाला है।
आम लोगों पर असर
टोल दरों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर रोजाना दिल्ली–गुरुग्राम के बीच सफर करने वाले लाखों लोगों पर पड़ेगा। खासकर ऑफिस जाने वाले और ट्रांसपोर्ट सेक्टर से जुड़े लोगों के लिए यह खर्च बढ़ाने वाला कदम साबित हो सकता है।
