गुरुग्राम। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कार्य में लापरवाही बरतने वाली एजेंसी ‘द क्लासिक मेनपावर एंड कंस्ट्रक्शन सर्विसेज’ पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही एजेंसी को नोटिस जारी कर कार्यादेश की शर्तों के अनुसार सेवाएं सुनिश्चित करने और आवश्यक दस्तावेज निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, एजेंसी को कार्यादेश के तहत निर्धारित संख्या में वाहन, चालक, हेल्पर और सुपरवाइजर तैनात करने थे। जोन-3 के पुनर्गठन के बाद एजेंसी को जोन-6 में 43 वाहनों के साथ आवश्यक स्टाफ की तैनाती करनी थी, लेकिन निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एजेंसी निर्धारित संख्या में वाहन और जनशक्ति उपलब्ध कराने में विफल रही।
इसी लापरवाही को गंभीर मानते हुए नगर निगम ने एजेंसी पर ₹1 लाख का आर्थिक दंड लगाया है। साथ ही एजेंसी को तत्काल आवश्यक संख्या में वाहन और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
तीन दिन में देना होगा रिकॉर्ड
नगर निगम ने एजेंसी को निर्देश दिया है कि वह तीन दिन के भीतर वाहन तैनाती योजना, जीपीएस से संबंधित विवरण और 12 जून से तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड निगम को उपलब्ध कराए। निर्धारित समय सीमा में दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर आगे की कार्रवाई भी की जा सकती है।
स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा उपलब्ध कराने के लिए सभी एजेंसियों को कार्यादेश की शर्तों का पूरी तरह पालन करना होगा।
वहीं, निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि स्वच्छता सेवाओं की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में कोताही बरतने वाली एजेंसियों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। निगम का उद्देश्य शहरवासियों को समयबद्ध, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण स्वच्छता सेवाएं उपलब्ध कराना है।
