गुरुग्राम में मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी झगड़े का रूप ले लिया। सेक्टर-52 स्थित कोयल विहार में तीन युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बाइक पर फरार हो गए। हालांकि, गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

कोयल विहार में हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, 7 जुलाई को थाना सेक्टर-53 में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने दोस्त सागर के साथ सेक्टर-52 स्थित कोयल विहार की एक खाली जगह पर गया था। वहां पहले से तीन युवक बैठकर शराब पी रहे थे।
इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि झगड़ा हिंसक हो गया।
पेट में मारा चाकू, आरोपी मौके से फरार
आरोप है कि झगड़े के दौरान एक युवक ने सागर के पेट में चाकू घोंप दिया। हमले में सागर गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) समेत संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
24 घंटे के भीतर तीनों आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान थाना सेक्टर-53 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 जुलाई को गांव घाटा स्थित झुग्गियों से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य (25) निवासी बांदा (उत्तर प्रदेश), पंकज (26) निवासी छतरपुर (मध्य प्रदेश) और देवेंद्र (19) निवासी हमीरपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। फिलहाल तीनों गुरुग्राम के गांव घाटा में रह रहे थे।
दो आरोपी डिलीवरी एजेंट, एक निजी कंपनी में कर्मचारी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के समय वे शराब पी रहे थे। इसी दौरान शिकायतकर्ता और उसके दोस्त के साथ उनकी कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई।
पुलिस के अनुसार, पंकज और देवेंद्र डिलीवरी का काम करते हैं, जबकि आदित्य एक निजी कंपनी में कार्यरत है।
रिमांड पर लेकर बरामद होगा वारदात में इस्तेमाल चाकू
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू की बरामदगी के साथ-साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।
