गुरुग्राम। सेक्टर-31 स्थित भाजपा के जिला कार्यालय ‘गुरुकमल’ के बाहर कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित सुंदरकांड पाठ को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। संभावित राजनीतिक टकराव और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला मजिस्ट्रेट एवं उपायुक्त (डीसी) उत्तम सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 लागू करने के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत भाजपा कार्यालय के चारों ओर 300 मीटर के दायरे में तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं।
कांग्रेस ने मंगलवार को भाजपा कार्यालय के बाहर स्थित राम मंदिर में सुंदरकांड पाठ करने का ऐलान किया है। पार्टी का कहना है कि यह कार्यक्रम राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। वहीं प्रशासन का मानना है कि दोनों राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से तनाव की स्थिति बन सकती है, इसलिए पहले ही एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

क्या-क्या रहेगा प्रतिबंधित?
प्रशासन के आदेश के अनुसार बिना सक्षम प्राधिकारी की लिखित अनुमति के पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी। प्रतिबंधित क्षेत्र में हथियार, लाठी, तलवार, भाला, कुल्हाड़ी, चाकू या किसी भी प्रकार की घातक वस्तु लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा किसी भी संगठन या व्यक्ति को सड़क जाम करने या सार्वजनिक मार्ग बाधित करने की इजाजत नहीं दी जाएगी, ताकि आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।
कांग्रेस नेताओं को पुलिस का नोटिस
मामले को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट पर है। सेक्टर-40 थाना पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को नोटिस जारी कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की उकसावे वाली गतिविधि से बचने की चेतावनी दी है। पुलिस का कहना है कि किसी राजनीतिक दल के कार्यालय के बाहर धार्मिक आयोजन होने से तनाव पैदा होने की आशंका है, इसलिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
प्रशासन के फैसले पर कांग्रेस का विरोध
प्रशासन की कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने इसे लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन राव ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि भगवान श्रीराम और हनुमान जी का स्मरण करना तथा सुंदरकांड का पाठ करना कोई अपराध नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा खुद को धर्म का ठेकेदार समझती है, लेकिन जब विपक्ष धार्मिक कार्यक्रम करना चाहता है तो प्रशासन के जरिए उसे रोकने की कोशिश की जा रही है।
वर्धन राव ने साफ कहा कि कांग्रेस का सुंदरकांड पाठ कार्यक्रम तय समय और स्थान पर ही होगा और पार्टी अपने फैसले से पीछे नहीं हटेगी।
अब इस पूरे घटनाक्रम पर सभी की नजर प्रशासन और कांग्रेस की अगली रणनीति पर टिकी है। यदि दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर कायम रहते हैं तो मंगलवार को गुरुकमल कार्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी की जा सकती है।
