गुरुग्राम में वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा फैसला, अब 24 जुलाई तक मिलेगा मौका

गुरुग्राम। अगर आपका वोटर वेरिफिकेशन अभी तक नहीं हुआ है या वोटर लिस्ट में नाम, पता या अन्य जानकारी में कोई गलती है, तो आपके लिए राहत की खबर है। गुरुग्राम में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत चल रहे वोटर लिस्ट सत्यापन अभियान की अंतिम तिथि अब 14 जुलाई से बढ़ाकर 24 जुलाई कर दी गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि जिले में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) अब 24 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इसी अवधि में मतदान केंद्रों के रैशनलाइजेशन और पुनर्व्यवस्था का काम भी पूरा किया जाएगा।

बादशाहपुर विधानसभा में सबसे ज्यादा परेशानी

जिले में अब तक करीब 88 प्रतिशत सत्यापन कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन चार विधानसभा क्षेत्रों में से गुरुग्राम-बादशाहपुर में काम सबसे धीमा चल रहा है।

प्रशासन के मुताबिक, बहुमंजिला सोसाइटियों में रहने वाले कई लोग घर पर नहीं मिल रहे हैं। BLO कई बार विजिट कर चुके हैं, लेकिन लोगों के उपलब्ध नहीं होने के कारण सत्यापन का काम तय रफ्तार से पूरा नहीं हो पाया।

क्या करें अगर आपका वेरिफिकेशन नहीं हुआ?

अगर अब तक आपका वोटर वेरिफिकेशन नहीं हुआ है या मतदाता सूची में नाम, पता, उम्र या अन्य किसी तरह की गलती है, तो 24 जुलाई से पहले अपने क्षेत्र के BLO से संपर्क करें। समय रहते जानकारी देने पर आपकी वोटर डिटेल्स अपडेट की जा सकेंगी।

31 जुलाई को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट

सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 31 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप (Draft Electoral Roll) प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।

इस दौरान नए वोटर अपना नाम जुड़वा सकेंगे, गलतियों में सुधार करा सकेंगे, नाम हटवाने या अन्य बदलाव के लिए भी आवेदन कर सकेंगे।

3 अक्टूबर को आएगी फाइनल वोटर लिस्ट

प्राप्त दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 3 अक्टूबर 2026 को गुरुग्राम जिले की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

डीसी उत्तम सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार समय पर सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि समय रहते अपना सत्यापन जरूर कराएं, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए।

More From Author

गुरुग्राम में बड़ा सियासी बवाल! 300 मीटर तक लगा प्रतिबंध

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *