पुलिस को देखते ही बेकाबू हुआ बदमाश, सिपाही की कलाई को दांतों से काटा

गुरुग्राम के सोहना इलाके में पुलिस टीम पर हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस पर आरोपी ने अचानक हमला बोल दिया। आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की, उनकी वर्दी फाड़ दी और एक सिपाही की कलाई को दांतों से बुरी तरह काट लिया। हालांकि, पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को दबोच लिया।

चोरी की वारदात की जांच करते-करते आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस के मुताबिक, एएसआई सतबीर और सिपाही बजरंग रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान ईआरवी-241 से सूचना मिली कि अंबेडकर चौक के पास खड़ी एक कार से नकदी और मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में एक युवक चोरी करते हुए दिखाई दिया। जब पुलिस ने स्थानीय लोगों को फुटेज दिखाई तो उसकी पहचान नट कॉलोनी, वार्ड नंबर-2 निवासी साहिल उर्फ लुक्का के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, साहिल पहले से ही घोषित अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर किया हमला

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम नट कॉलोनी स्थित उसकी झुग्गी पर पहुंची। पुलिस का आरोप है कि जैसे ही साहिल ने पुलिस को देखा, वह गुस्से में बाहर निकला और गिरफ्तारी का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की, उनकी वर्दी फाड़ दी और सिपाही अनिल योगी की दाहिनी कलाई को दांतों से काट लिया। हमले में सिपाही घायल हो गए, लेकिन पुलिस टीम ने हिम्मत नहीं हारी।

मौके पर ही दबोचा गया आरोपी

हमले के बावजूद पुलिस टीम ने साहिल उर्फ लुक्का को मौके पर ही काबू कर लिया। घायल सिपाही को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर थाना शहर सोहना लाया गया।

कई धाराओं में दर्ज हुआ केस

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी कर्मचारी पर हमला करने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी.

More From Author

गुरुग्राम में वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा फैसला, अब 24 जुलाई तक मिलेगा मौका

गुरुग्राम की मर्डर मिस्ट्री का खुलासा! दोस्त ही निकले कातिल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *