गुरुग्राम की मर्डर मिस्ट्री का खुलासा! दोस्त ही निकले कातिल

गुरुग्राम में एक ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। बर्थडे पार्टी में शामिल होने के बाद दोस्तों के साथ शहर घूमने निकले एक युवक की मामूली विवाद के बाद पत्थरों से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जंगल में मिला था खून से लथपथ शव

14 जुलाई को सेक्टर-53 थाना पुलिस को सूचना मिली कि डीएलएफ फेज-5, सेक्टर-54 स्थित अरावली के जंगल क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ हालत में मिला। मृतक के सिर और चेहरे पर पत्थरों से किए गए कई वार के निशान थे।

मौके पर सीन ऑफ क्राइम, एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट टीम को बुलाकर जांच कराई गई। घटनास्थल से मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान 39 वर्षीय बंदी उरांव, निवासी जिला गुमला (झारखंड) के रूप में हुई।

सुबह टहलने निकले व्यक्ति ने दी थी सूचना

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई की सुबह करीब 6:15 बजे एक व्यक्ति ने डीएलएफ-फरीदाबाद टी-पॉइंट के पास जंगल में खून से लथपथ शव पड़ा देखा। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर सेक्टर-53 थाना में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान सेक्टर-53 थाना और क्राइम ब्रांच सेक्टर-43 की संयुक्त टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 15 जुलाई को हत्या के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:

  • राम (30) – मूल निवासी गुमला, झारखंड, वर्तमान निवासी वजीराबाद, गुरुग्राम
  • विनय (35) – मूल निवासी गुमला, झारखंड, वर्तमान निवासी वजीराबाद, गुरुग्राम
  • प्रकाश (26) – मूल निवासी सिमडेगा, झारखंड, वर्तमान निवासी वजीराबाद, गुरुग्राम

बर्थडे पार्टी के बाद हुआ विवाद

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक बंदी उरांव करीब एक महीने पहले काम की तलाश में गुरुग्राम आया था। 13 जुलाई की रात वह अपने दोस्तों के साथ वजीराबाद में एक परिचित के बेटे की बर्थडे पार्टी में शामिल हुआ था।

पार्टी खत्म होने के बाद बंदी ने अपने दोस्तों से गुरुग्राम शहर घूमने की बात कही। इसके बाद चारों एक कार में निकल पड़े।

रास्ते में वजीराबाद ढाणी चौक के पास किसी बात को लेकर आपस में विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों आरोपी बंदी को अरावली के जंगलों में ले गए और पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।

ओला-ऊबर चालक की कार में हुई वारदात

पुलिस के मुताबिक, हत्या में इस्तेमाल की गई कार आरोपी राम की थी, जो ओला-ऊबर कैब चलाता है। वहीं, आरोपी विनय और प्रकाश गुरुग्राम में ऑटो चालक हैं।

पुलिस रिमांड पर होंगे आरोपी

पुलिस तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं और सबूतों की भी जांच की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है.







More From Author

पुलिस को देखते ही बेकाबू हुआ बदमाश, सिपाही की कलाई को दांतों से काटा

गुरुग्राम की इन दो सड़कों पर जल्द दिखेगा बड़ा एक्शन, क्या आपका एरिया भी शामिल है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *